Satya Report: Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां प्रॉपर्टी डीलर निखिल अरोड़ा (33) ने अपने पालतू कुत्ते ‘प्रेमी’ के साथ आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया, क्योंकि निखिल और उसके कुत्ते के बीच गहरा लगाव था. निखिल कुत्ते से बहुत प्यार करता था. पुलिस को दोनों के शव बंद कमरे में मिले, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा.

बताया जा रहा कि निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. माता-पिता के इलाज में उसकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी. यहां तक कि बरेली में उसका अपना मकान भी बिक गया था और वह किराए के घर में रह रहा था. परिवार में कोई और सहारा नहीं होने की वजह से वह काफी अकेला भी हो गया था. इसी बीच उस पर कर्ज भी बढ़ता चला गया, जिसने उसकी परेशानियों को और गहरा कर दिया.
बंद कमरे में दिखा दर्दनाक मंजर
घटना वाले दिन जब निखिल अपने परिचित धीरज के घर खाना खाने नहीं पहुंचा तो धीरज को शक हुआ. जब उसके घर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे कांस्टेबल सौरव कुमार ने वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा. अंदर का नजारा बेहद दुखद था.कमरे में निखिल मृत अवस्था में पड़ा था और पास में उसका पालतू कुत्ता प्रेमी भी मरा हुआ मिला. यह देखकर सभी हैरान रह गए.
–
पुलिस ने तुरंत फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच शुरू की. कमरे की तलाशी लेने पर कुछ अहम सुराग मिले. वहां से छाछ के दो सील पैकेट, एक खाली पैकेट और सल्फास की खाली डिब्बी बरामद हुई. शुरुआती जांच में यह सामने आया कि निखिल ने छाछ में सल्फास मिलाकर पहले खुद पिया और अपने कुत्ते को भी पिला दिया. .
कुत्ते के लिए प्यार बना आखिरी वजह
आसपास के लोगों से बातचीत में यह बात सामने आई कि निखिल अपने कुत्ते ‘प्रेमी’ से बेहद प्यार करता था. वह उसे परिवार के सदस्य की तरह मानता था. लोगों का कहना है कि शायद निखिल को इस बात का डर था कि उसके मरने के बाद उसके कुत्ते की देखभाल कौन करेगा. इसी चिंता में उसने यह कठोर कदम उठाया और अपने कुत्ते को भी अपने साथ ही दुनिया से विदा कर दिया.
निखिल की जिंदगी में आर्थिक तंगी, कर्ज का बोझ और अकेलापन धीरे-धीरे बढ़ता गया. इन सब हालातों ने उसे अंदर से तोड़ दिया. आखिरकार उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने न सिर्फ उसकी जिंदगी खत्म कर दी बल्कि उसके सबसे करीब साथी ‘प्रेमी’ की भी जान ले ली.
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
वहीं पूरे मामले में थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह पूरी तरह सामने आ सके. कुत्ते के शव का बिसरा भी सुरक्षित रख लिया गया है, जिससे यह साफ हो सके कि उसे भी जहर दिया गया था.



