India

​Basti Honey Trap Case: वाल्टरगंज के पूर्व थाना अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के केस में 3 गिरफ्तार, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप

Basti Honey Trap Case: उत्तर प्रदेश के बस्ती में वाल्टरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप के जरिए पैसे वसूलने के आरोप हैं। आरोपियों के पास से एक बोलेरो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

​Basti Honey Trap Case: वाल्टरगंज के पूर्व थाना अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के केस में 3 गिरफ्तार, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप

सूर्य प्रकाश सिंह आत्महत्या मामले में 3 गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, सूर्य प्रकाश सिंह ने 29 अगस्त 2026 को बस्ती कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके बेटे संदीप सिंह की शिकायत पर 5 सितंबर को कोतवाली बस्ती थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और विजय प्रकाश को नामजद आरोपी बनाया था। तीनों को 6 सितंबर की सुबह करीब 7:55 बजे सदर अस्पताल के सामने से गिरफ्तार किया गया।

हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस की जांच के अनुसार प्रियंका चौधरी पर आरोप है कि वह मुंबई में ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटरों में काम करती थी। पुलिस का दावा है कि वह पैसे वाले लोगों से संपर्क कर वीडियो और ऑडियो तैयार करती थी और बाद में हनीट्रैप के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।

पुलिस के अनुसार वीडियो कॉल और चैटिंग के जरिए लोगों से पैसे की मांग की जाती थी। जांच में प्रियंका के पिता रामनयन चौधरी और विजय प्रकाश के भी कथित तौर पर इसमें सहयोग करने की बात सामने आई है।

कई लोगों से पैसे वसूलने का पुलिस का दावा

पुलिस के मुताबिक, अब तक चार लोगों को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर पैसे वसूलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने डॉ. उमेश से 4 लाख, अहमद रजा से 5 लाख और आर्यन दीक्षित उर्फ जितेन्द्र दीक्षित से करीब 15 लाख रुपये की उगाही का दावा किया है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में दर्जनों अन्य लोगों के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है।

सूर्य प्रकाश सिंह से संपर्क की भी जांच

पुलिस के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण में सूर्य प्रकाश सिंह का संपर्क प्रियंका चौधरी और विजय प्रकाश से होने की बात सामने आई है। घटना वाले दिन की कॉल डिटेल और कॉलिंग पैटर्न की भी जांच की गई।

पुलिस का दावा है कि विजय प्रकाश ने दोपहर 1:41 बजे सूर्य प्रकाश सिंह को आखिरी कॉल किया था। पुलिस के अनुसार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर सूर्य प्रकाश सिंह ने आत्महत्या की। मामले में आगे की जांच जारी है।

हनीट्रैप के पैसे से बोलेरो खरीदने का दावा

पुलिस ने जांच के आधार पर दावा किया है कि करीब दो साल पहले कथित हनीट्रैप से मिले पैसों से प्रियंका चौधरी ने बोलेरो खरीदी थी। पुलिस ने वाहन नंबर UP51BN 5805 वाली बोलेरो बरामद की है।

इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

ये खबर भी पढ़ें: 

तीनों आरोपियों को जेल भेजा

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों की जांच अभी जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply