Food Safety Department Action Against Adulterated Peda: धार्मिक नगरी वृंदावन में श्रद्धालुओं की आस्था और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5,000 किलोग्राम दूषित पेड़ा और मिल्क केक बरामद कर नष्ट कराया। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

100 बोरों में निम्न गुणवत्ता का पेड़ा और मिल्क केक बरामद
सहायक आयुक्त द्वितीय जतिन कुमार सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुक्मिणी विहार सेक्टर3 स्थित विष्णु अग्रवाल के गोदाम तथा सुनरख गांव में सत्यपाल के ठिकाने पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों स्थानों से लगभग 100 बोरों में रखा करीब 5 हजार किलोग्राम अत्यंत निम्न गुणवत्ता का पेड़ा और मिल्क केक बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में खाद्य सामग्री संदिग्ध और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने पर उसे मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।
बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में प्रसाद के रूप में बेचने की आशंका
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आशंका है कि यह दूषित मिठाई ठाकुर क्षेत्र में प्रसाद के रूप में बेचने या वितरित करने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक यह मिलावटी सामग्री पहुंचने से रोक दी गई।
छापेमारी के दौरान ने पेड़ा और मिल्क केक के नमूने भी लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित आरोपियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त द्वितीय जतिन कुमार सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने, संग्रह करने या बेचने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



