Agra Police Raid Nand Plaza: ताज नगरी आगरा में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में LIU और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से प्लाजा में मौजूद कैफे संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, नंद प्लाजा में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर इनपुट प्राप्त हुए थे। इसी सूचना के आधार पर LIU और थाना सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने प्लाजा में स्थित कैफे समेत अन्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान करीब 20 युवकयुवतियों को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया। सभी को पुलिस बस के माध्यम से थाना सदर ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
कैफे और मिनी सिनेमाघरों में भी की गई जांचपड़ताल
पुलिस टीम ने कैफे में मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ ही दस्तावेजों और गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई। इसके अलावा प्लाजा में संचालित अन्य कैफे और मिनी सिनेमाघरों में भी जांचपड़ताल की गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन कैफे और दो मिनी सिनेमाघरों को सील करने की कार्रवाई भी की गई है। हालांकि, इन प्रतिष्ठानों में किस तरह की अनियमितता या गतिविधियां सामने आई हैं, इसका अंतिम खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
आरोपियों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
सैयद अली अब्बास ने स्पष्ट किया कि नंद प्लाजा को लेकर पुलिस और LIU को इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनैतिक या अवैध गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें सील करने के साथ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
डीसीपी ने यह भी साफ किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
नंद प्लाजा में अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल की जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि प्लाजा में चल रहे प्रतिष्ठानों में वास्तव में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं।


