
जनपद बहराइच में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नकबजनी के एक मामले में वांछित शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने इस सफलता को अंजाम दिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि थाना रानीपुर क्षेत्र के निवासी हरीश्याम मौर्य द्वारा दर्ज कराई गई चोरी की सूचना के आधार पर 11 मई 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सटीक सूचना पर 10 जून 2026 को शातिर अभियुक्त रवी कश्यप उर्फ नौरंगी (उम्र लगभग 32 वर्ष), निवासी गोबरहा थाना रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से सोने-चांदी के आभूषण, बिछिया, अंगूठियां, कान की बालियां, नथिया, माला सहित विभिन्न धातुओं के सामान, मोबाइल एक्सेसरीज़ और 10,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में नकबजनी, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे उसकी शातिर अपराधी प्रवृत्ति का अंदाजा लगाया जा सकता है।


