CrimeIndiaTrending

एलआईसी का झांसा देकर बुजुर्ग के खाते से 19.30 लाख की ठगी, दो पर मुकदमा दर्ज…

एलआईसी का झांसा देकर बुजुर्ग के खाते से 19.30 लाख की ठगी, दो पर मुकदमा दर्ज…

कलवारी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी एक गरीब एवं अनपढ़ बुजुर्ग के साथ हुई 19.30 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में कलवारी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित रामकुशल की शिकायत पर गांव निवासी श्रीकांत शर्मा तथा कुदरहा-लालगंज मार्ग निवासी सुमित कुमार शुक्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने एलआईसी संबंधी कार्य कराने का भरोसा देकर उन्हें अपने विश्वास में लिया और बैंक ले जाकर खाता खुलवाया। इस दौरान कथित रूप से आरोपियों ने अपना मोबाइल नंबर पीड़ित के बैंक खाते से लिंक करा लिया, जिससे खाते में होने वाले लेनदेन की जानकारी बुजुर्ग तक नहीं पहुंच सकी।

आरोप है कि 27 फरवरी से 30 मई 2026 के बीच एटीएम, यूपीआई तथा ऑनलाइन फंड ट्रांसफर के माध्यम से खाते से कुल 19 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। जब पीड़ित ने बैंक पहुंचकर खाते का विवरण प्राप्त किया तो उसमें मात्र 1,099 रुपये शेष मिले।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों आरोपियों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर अचेत अवस्था में कचहरी ले जाकर जबरन अंगूठा लगवाकर उनकी जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया। 25 मई को जब आरोपियों ने उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, तब उन्हें अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद कलवारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की फॉरेंसिक जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निकाली गई धनराशि किन खातों में स्थानांतरित की गई। पीड़ित ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर धनराशि वापस दिलाने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply