IndiaTrendingUttar Pradesh

यूपी चुनाव​​ में बीजेपी की पूर्वांचल: में अग्निपरीक्षा ‘अमित शाह खुद संभालेंगे मोर्चा’

यूपी चुनाव​​ में बीजेपी की पूर्वांचल: में अग्निपरीक्षा ‘अमित शाह खुद संभालेंगे मोर्चा’

यूपी विधानसभा चुनाव 2027: चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्वांचल में भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीतिक समीकरण साधना एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।

आगामी 2027 यूपी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इस बार पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का विशेष ध्यान पूर्वांचल क्षेत्र पर है, जहां पिछले चुनावों के आंकड़ों और एनडीए के सहयोगी दलों के भीतर चल रही हलचल को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मोर्चा संभालने जा रहे हैं।

चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्वांचल में भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीतिक समीकरण साधना एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।

दरअसल पूर्वांचल के 20 जिलों की कुल 124 विधानसभा सीटों में से समाजवादी पार्टी (SP) के गठबंधन ने 45 सीटों पर जीत दर्ज की थी और 36.6% वोट हासिल किए थे।

लोकसभा चुनावों में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने पूर्वांचल की 26 संसदीय सीटों में से 17 से 18 सीटों पर जीत हासिल की थी, जिससे उसका वोट प्रतिशत बढ़कर 43.52% तक पहुंच गया।

विधानसभा वार बढ़त के आकलन के अनुसार, इंडिया गठबंधन ने पूर्वांचल की लगभग 75 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाई थी, जो 2022 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब दोगुनी थी।

अगले महीने से अमित शाह के दौरों की तैयारी

सूत्रों की मानें तो पूर्वांचल में एनडीए के प्रदर्शन में आई गिरावट और क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ तालमेल की चुनौतियों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने से उत्तर प्रदेश के दौरे शुरू कर सकते हैं। संकेत मिले हैं कि उनके इस चुनावी अभियान की शुरुआत पूर्वांचल से ही होगी।

इस दौरान अमित शाह का मुख्य फोकस बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने और विपक्ष के मजबूत गढ़ों में राजनीतिक चुनौतियों का जवाब तैयार करने पर रहेगा। हालांकि, गृह मंत्री के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी घोषित होना बाकी है, लेकिन सरकार और संगठन के स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्रियों के भी बढ़ेंगे प्रवास

रिपोर्ट के अनुसार, अमित शाह के दौरों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों के भी उत्तर प्रदेश में प्रवास कार्यक्रम बढ़ाए जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस या पोस्टरों के बजाय जमीनी स्तर पर बूथ प्रबंधन के माध्यम से 2027 के चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ा रही है।

NDA के भीतर सीटों पर बढ़ी खींचतान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में बीजेपी के लिए पूर्वांचल केवल विपक्ष के मुकाबले का मैदान नहीं, बल्कि अपने ही एनडीए साझेदारों को संतुलित करने की परीक्षा भी होगी। राजभर की सुभासपा, संजय निषाद की निषाद पार्टी और अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस)- सभी अपनी सीट-मांग और प्रभाव क्षेत्र बढ़ाने की कोशिश में हैं, जिससे पूर्वांचल में सीट बंटवारे की खींचतान तेज हो गई है।

बीजेपी 403 विधानसभा सीटों में से लगभग 340–350 सीटें खुद लड़ने की तैयारी में है, जबकि सहयोगियों को करीब 55–60 सीटें देने का फार्मूला विचाराधीन है। लेकिन सहयोगी दलों की कुल मांग लगभग 117 सीटों की बताई जा रही है, यानी मांग और प्रस्ताव के बीच करीब 56–60 सीटों का अंतर है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अपना दल (एस) 25, सुभासपा 25 और निषाद पार्टी 36–37 सीटों की मांग कर रही है।

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीजेपी की इकलौती सहयोगी पार्टी राष्ट्रीट लोक दल (RLD) लगभग 30 सीटों की मांग कर रही है।

अब बीजेपी के लिए चुनौती यह है कि उसे सहयोगियों को संतुष्ट रखते हुए अपने मूल वोट बैंक और प्रत्याशी तैयारी को भी बनाए रखना होगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply