
मथुरा, उत्तर प्रदेश: शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। मथुरा के महोली गांव में बुधवार रात पैसों को लेकर हुए विवाद में 42 वर्षीय रौतान सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर एक युवक ने रौतान सिंह के सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद सभी आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
शराब के रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मामला मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र के महोली गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे रौतान सिंह अपने साथी लाखन सिंह और सुभाष चंद्र के साथ नेक्सा शोरूम से लगभग 100 मीटर आगे मौजूद थे। इसी दौरान विकास उर्फ विशाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा।
आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर विकास और उसके साथियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच विकास उर्फ विशाल ने रौतान सिंह के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही रौतान सिंह की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले।
सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के पिता लाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने विकास उर्फ विशाल, मेघश्याम, डालचंद, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार और मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी और थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
सत्यम रिपोर्ट डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध रिपोर्टों और पुलिस से संबंधित बयानों के आधार पर तैयार किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।



