राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक आशिक ने अपनी गर्लफ्रेंड को होटल में बुलाया और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल में 31 की सुबह का है. वारदात के बाद आरोपी खाना लेने के बहाने होटल से निकला और फरार हो गया. हालांकि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल करते इसकी वजह भी बताई है. आरोपी ने बताया कि दो साल पहले वह इस महिला के संपर्क में आया था और दोनों अक्सर मिलते थे. पिछले कुछ दिनों से महिला की डिमांड काफी बढ़ गई थी. इसको लेकर उनके बीच काफी विवाद हुआ और इसी विवाद से तंग आकर उसने होटल में महिला को बुलाकर उसकी हत्या की योजना बनाई थी.
फर्जी आईडी से बुक किया था कमरा
आरोपी ने वारदात की फुलप्रूफ साजिश रची थी. इस साजिश के तहत उसने फर्जी आईडी से होटल में कमरा बुक किया. इसमें बहाने से उसने लड़की को बुलाया. फिर दोनों में बहस हुई तो आरोपी ने हाथों से उसका गला दबा दिया. हालांकि उसे लगा कि महिला जिंदा बच सकती है. ऐसे में उसने महिला की ही साड़ी से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी.
खाना लेने के बहाने हुआ फरार
होटल कर्मियों के मुताबिक वारदात के दिन दोनों सुबह करीब 10 बजे होटल पहुंचे थे. फिर दोपहर करीब 2 बजे आरोपी खाना लेने जाने के बहाने होटल से बाहर निकला और फरार हो गया. उसी दिन रात में करीब साढ़े 9 बजे होटल के कर्मचारी सर्विस के लिए कमरे में गए तो वहां महिला की लाश पड़ी थी. फिर पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को अरेस्ट किया है. आरोपी की पहचान शिव कुमार के रूप में हुई है.



