
उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक कलयुगी छोटे भाई ने अपनी ही सगी भाभी को पाने की चाहत में अपने सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि इस खौफनाक हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी पत्नी ही थी। वारदात के बाद जब पुलिस दोनों आरोपियों को मेडिकल के लिए ले जा रही थी, तो उनके चेहरों पर पछतावा तो दूर, बल्कि एक खौफनाक मुस्कान तैर रही थी।
उधर, रोती-बिलखती बूढ़ी मां सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने भरे गले से कहा, “खुशी मेरे बेटे को फंसा गई… मेरा एक बेटा दुनिया से चला गया और दूसरे को पुलिस ले गई। उस कातिल औरत को फांसी की सजा होनी चाहिए।”

खेत में मिला था लहूलुहान शव, भाई ने रची थी झूठी कहानी
यह पूरा मामला आगरा के थाना सदर क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके का है। बुधवार की सुबह यहाँ छोटी बस्ती के रहने वाले 22 वर्षीय अमित उर्फ सोमू का रक्तरंजित शव एक खेत में मिला था। अमित आगरा कैंट के एक रेस्तरां में काम करता था। उसके सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान थे।
शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए अमित के छोटे भाई भोला ने उसके साथ काम करने वाले एक सहकर्मी पर हत्या का शक जताया था। लेकिन पुलिस की पैनी नजरों और इलाके के सीसीटीवी फुटेज ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया। फुटेज में अमित के पीछे भोला जाता हुआ दिखा और हत्या के बाद वह बदहवास हालत में भागता नजर आया। पुलिस ने अंतिम संस्कार होने का इंतजार किया और फिर भोला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके बाद जो सच सामने आया उसने खाकी के भी होश उड़ा दिए।
शादी से पहले ही था अफेयर, आपत्तिजनक हालत में देख लिया था भाई ने
पूछताछ में आरोपी भोला ने कबूल किया कि अमित की शादी से पहले ही उसका अपनी भाभी खुशी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों इंस्टाग्राम पर लगातार चैटिंग करते थे। बीती 19 फरवरी को जब खुशी की शादी अमित से हुई, तो वह अपने पति को नापसंद करने लगी। अमित के घर से जाते ही दोनों प्रेमी-प्रेमिका साथ हो जाते थे।
तीन दिन पहले ही अमित ने अपनी पत्नी खुशी और छोटे भाई भोला को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसके बाद घर में भारी विवाद हुआ। जब भाई के रहते दोनों का साथ रहना नामुमकिन लगने लगा, तो कलयुगी पत्नी खुशी ने ही अपने देवर भोला को रास्ते का कांटा हटाने यानी अमित को मौत के घाट उतारने की सलाह दी। बड़े भाई मांगे ने बताया कि खुशी काफी समय से साजिश रच रही थी। वह अपने मायके से चूहामार दवा भी लेकर आई थी और रोटियों में मिलाकर अमित को मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस दिन अमित ने खाना नहीं खाया था।
पहले पत्थर से कूंचा, फिर गमछे से घोंटा गला
बुधवार की सुबह जब अमित काम के लिए निकला, तो भोला चुपके से उसके पीछे लग गया। रास्ते में अमित सुल्तानपुरा के एक खेत में शौच के लिए रुका। मौका पाकर भोला भी वहां पहुंच गया। अमित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही भोला ने जमीन पर पड़ा भारी पत्थर उठाया और अमित के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अमित के बेसुध होते ही भोला ने अपने गमछे से उसका गला घोंटकर उसकी जान ले ली और शव को ढककर भाग निकला।
वारदात के बाद आरोपी ने हाथ-मुंह धोए, कपड़े बदले और आम लोगों के बीच आकर रोने का नाटक करने लगा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर और गमछा बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद भी चेहरे पर मुस्कान, जेल भेजे गए दोनों आरोपी
इस रूह कॉपने वाली घटना के बाद जब पुलिस ने भोला और खुशी को गिरफ्तार किया, तो दोनों के चेहरों पर कोई शिकन नहीं थी। पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय आरोपी भाई भोला कैमरे के सामने मुस्कुरा रहा था। वहीं पत्नी खुशी महिला पुलिसकर्मियों को बिना किसी झिझक के पूरी घटना बयां कर रही थी। जब पुलिस का शक खुशी पर गहराया, तो उसने पकड़े जाने के डर से आत्महत्या का ड्रामा भी किया, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अवैध संबंधों की इस खौफनाक दास्तान ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।



