CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

मुनाफा के मायाजाल में फंस गया कारोबारी, गंवा दिए 1.13 करोड़ रुपये..

– शेयर बाजार में निवेश का दिया झांसा, रकम निकालने पर ठगों ने मांगे और पैसे
– स्क्रीन पर मुनाफा देख उत्साहित कारोबारी ने गंवा दिए 1.13 करोड़ रुपये

शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच नोएडा के एक कारोबारी को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने पहले कारोबारी से 50 हजार रुपये निवेश कराए। इसके बाद उनके खाते में 9 हजार रुपये का मुनाफा दिखाकर भरोसा जीत लिया। जालसाजों के झांसे में आए कारोबारी ने अलग-अलग समय पर कुल 1.13 करोड़ रुपये ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम वापस निकालने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उनसे और पैसे की मांग शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ।
सेक्टर-49 के रहने वाले 42 वर्षीय कारोबारी ने साइबर थाना पुलिस से शिकायत की है कि दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया था। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताया। उसने निवेश से अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देते हुए बीएनआई स्टॉक मार्केट कोच मुंबई नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में शेयर बाजार से संबंधित जानकारी और निवेश के फायदे बताए जाते थे। इसके बाद कारोबारी को एक वेबसाइट पर आईडी बनवाकर निवेश करने के लिए कहा गया। शुरुआत में पीड़ित ने 50 हजार रुपये लगाए। कुछ समय बाद उन्हें 9 हजार रुपये का रिटर्न दिखाया गया। इससे कारोबारी को जालसाजों पर भरोसा हो गया।

अतिरिक्त पैसों की मांग तो हुआ शक : भरोसा होने के बाद ठगों ने धीरे-धीरे निवेश की रकम बढ़ाने के लिए दबाव बनाया। पीड़ित ने कई चरणाें में कुल 1.13 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। मार्च 2026 में जब कारोबारी को पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने वेबसाइट के माध्यम से अपनी रकम निकालने का प्रयास किया। रकम निकालने के बजाय आरोपियों ने उनसे अतिरिक्त पैसे जमा करने को कहा। इस पर कारोबारी को शक हुआ। उन्होंने व्हाट्सऐप पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन पहले तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया और बाद में कॉल भी उठानी बंद कर दी। जून में कारोबारी को लगा कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply