BollywoodBusinessChhattisgarhCricketCrimeDelhiDharamHaryanaIndiaTrending

रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी, कॉलर ने मांगे 20 करोड़ रुपए, 4 महीने पहले घर के बाहर चली थीं गोलियां

मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार सुबह उनके स्टाफ को एक ऐसा धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिला है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस ऑडियो में रोहित शेट्टी से 20 करोड़ रुपये की भारीभरकम रंगदारी मांगी गई है और चेतावनी दी गई है कि अगर यह रकम नहीं मिली, तो इस बार निशाना उनके घर की दीवारें नहीं बल्कि सीधे वह खुद होंगे। इस सनसनीखेज मामले के सामने आते ही मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है और धमकी देने वाले शख्स की तलाश में जुट गई है।

रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी, कॉलर ने मांगे 20 करोड़ रुपए, 4 महीने पहले घर के बाहर चली थीं गोलियां

90 सेकेंड के ऑडियो क्लिप में मौत का पैगाम

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शेट्टी के स्टाफ को शनिवार की सुबह यह ऑडियो क्लिप मिला, जो करीब 90 सेकेंड का है। इस क्लिप में साफ तौर पर 20 करोड़ रुपये न देने पर जान से मारने की बात कही गई है। यह धमकी भरा संदेश जुहू स्थित उनके घर पर हुई फायरिंग की घटना के कुछ महीनों बाद ही आया है, जिसके कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

लॉरेंस बिश्नोई के करीबी शुभम लोणकर पर शक

पुलिस सूत्रों की मानें तो इस ऑडियो क्लिप में सुनाई दे रही आवाज कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी माने जाने वाले शुभम लोणकर की हो सकती है। गौरतलब है कि शुभम लोणकर वही शख्स है जो साल 2024 में हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या और इसी साल की शुरुआत में रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में वांटेड चल रहा है। जुहू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आवाज की प्रामाणिकता जांचने के लिए इस ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है।

फरवरी की रात घर के बाहर चली थीं गोलियां

आपको बता दें कि इससे पहले 1 फरवरी की देर रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित महमूद चौक वाले घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने पांच राउंड फायरिंग की थी। आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका सहम गया था, जिसके बाद इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में आगरा से दीपक शर्मा नाम के एक शूटर को गिरफ्तार किया था। दीपक ने पूछताछ में कबूला था कि वह सोशल मीडिया के जरिए बिश्नोई गैंग के संपर्क में आया था और गैंग से प्रभावित होकर ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया था।

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की तैयारियों में जुटे हैं निर्देशक

इन जानलेवा धमकियों और विवादों के बीच रोहित शेट्टी अपने लोकप्रिय स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में शो की रिलीज डेट का ऐलान किया गया है। यह शो 25 जुलाई से हर शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होगा। इस नए सीजन में फरहाना भट्ट, ओरी, गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, करण वाही, अविनाश मिश्रा, जैस्मिन भसीन, ऋत्विक धनजानी, अविका गौर, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा और विशाल आदित्य सिंह जैसे कई मशहूर सेलिब्रिटी खतरनाक स्टंट का सामना करते नजर आएंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply