जकार्ता: इंडोनेशिया में भारतीय मूल के एक बिजनेसमैन पर अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए का एजेंट बनकर सरकार से धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। कहा जा रहा कि उसने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों से संबंध बनाकर अरबों डॉलर की डिफेंस डील हासिल की थी। आरोपी बिजनेसमैन का नाम गौरव श्रीवास्तव है। उसने राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ दोस्ती तब की, जब वे इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री थे। शुरुआती समझौतों में फाइटर जेट, हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और मिलिट्री कमांड सिस्टम खरीदने पर सहमति बनी थी।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘ऑर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट’ और इंडोनेशियाई पब्लिकेशन ‘टेम्पो’ की एक जॉइंट इन्वेस्टिगेशन के अनुसार, गौरव श्रीवास्तव ने इंडोनेशियाई अधिकारियों और बिजनेस जगत के अधिकारियों से खुद को सीआईए का एजेंट बताया था। उसने प्राबोवो के साथ संबंध बनाए। दोनों के बीच संबंध इतने मजबूत थे कि प्राबोवो ने गौरव श्रीवास्तव को ‘मिस्टर जी’ का उपनाम दिया था।
प्राबोवो सुबियांतो के घर आतेजाते थे गौरव श्रीवास्तव
‘टेम्पो’ की रिपोर्ट के अनुसार, डच ऑयल ट्रेडर नील्स ट्रोस्ट ने कहा कि वे 2022 के मध्य में गौरव श्रीवास्तव के साथ वेस्ट जावा के हम्बलैंग में गरुड़ यक्ष एस्टेट स्थित प्राबोवो सुबियांतो के आवास पर गए थे। ट्रोस्ट ने पब्लिकेशन को बताया कि श्रीवास्तव ने दावा किया था कि वे अक्सर प्राबोवो सुबियांतो के घर जाते थे और वहां रुकते थे। रास्ते में, श्रीवास्तव ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने 2002 के बाली बम धमाकों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में मदद की थी और प्राबोवो को लंबे समय से चली आ रही अमेरिकी इमिग्रेशन ब्लैकलिस्ट से हटाने में भूमिका निभाई थी।
सुबियांतो और गौरव श्रीवास्तव के संबंध
ट्रोस्ट ने यह भी आरोप लगाया कि घर पहुंचने से पहले गौरव श्रीवास्तव ने प्राबोवो सुबियांतो की ऐसी आदतों के बारे में बात की थी जिनके बारे में केवल उनके करीबी लोग ही जानते थे। इन आदतों में उनका यह मानना शामिल था कि घर के अंदर मकड़ी के जाले नहीं हटाए जाने चाहिए क्योंकि वे प्रकृति का हिस्सा थे।
डिफेंस खरीद समझौते
OCCRPटेम्पो की जांच के अनुसार, 2020 और 2022 के बीच, श्रीवास्तव द्वारा नियंत्रित कंपनियों ने इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय और एक सरकारी डिफेंस कंपनी से पांच शुरुआती समझौते हासिल किए। मंत्रालय ने 2020 में खरीद के लिए तीन ‘लेटर ऑफ़ इंटेंशन’ जारी किए, जिसके बाद 2021 और 2022 में एक और ‘लेटर ऑफ़ इंटेंशन’ और एक ‘मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग’ जारी किया गया।
प्रस्तावित सौदों में क्याक्या शामिल थे?
प्रस्तावित सौदों में 36 F15 फाइटर जेट, UH60 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर, C130 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के लिए एक जॉइंट ऑपरेशन्स कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शामिल थे। जांचकर्ताओं द्वारा देखी गई तस्वीरों में श्रीवास्तव को प्राबोवो और उनकी एक कंपनी के अधिकारियों के साथ एग्रीमेंट साइन करने के कार्यक्रमों में शामिल होते हुए दिखाया गया है। हालांकि, इंडोनेशिया ने प्रस्तावित खरीदारी में से किसी पर भी आगे कदम नहीं बढ़ाया।



