
केरल के अलाप्पुझा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर बदमाश ने घर किराए पर लेने के बहाने एक 75 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बनाया। आरोपी ने मकान मालिक के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका, गला दबाया और फिर करीब 13.75 लाख रुपये के सोने के जेवर व नकदी लेकर चंपत हो गया। हालांकि, अलाप्पुझा साउथ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक फोन नंबर के जरिए आरोपी को कुछ ही घंटों में ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक संदिग्ध की पहचान राजमोहन के तौर पर हुई है। यह मामला पीड़ित सुदर्शनन के.आर. की शिकायत पर दर्ज किया गया। चोरी हुए सामान में 12 सॉवरेन सोने के गहने और 5,000 रुपये नकद शामिल थे जिनकी कुल कीमत लगभग 13.75 लाख रुपये आंकी गई है। FIR के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 1 बजे अलाप्पुझा साउथ पुलिस स्टेशन के इलाके में सनातनपुरम के पास हाउसिंग कॉलोनी वार्ड में सुदर्शनन के घर पर हुई।
पुलिस ने बताया कि राजमोहन बुजुर्ग व्यक्ति के पास यह कहकर पहुंचा कि वह घर की ऊपरी मंजिल किराए पर लेना चाहता है। उसने सुदर्शनन को किराए का एग्रीमेंट भी दिखाया। जब सुदर्शनन एग्रीमेंट पढ़ रहे थे तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया।



