
बिहार के किशनगंज जिले से युवती को घेरकर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में वीडियो का संबंध दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाट रेलवे स्टेशन से सामने आया है।
पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी 21 वर्षीय शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे चार अन्य युवकों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
चार-पांच महीने पुराना बताया जा रहा वीडियो
पुलिस के अनुसार, 24 और 25 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे किशनगंज के पुलिस अधीक्षक के व्हाट्सऐप पर एक वीडियो भेजा गया था। वीडियो करीब चार-पांच महीने पुराना बताया जा रहा है।
वीडियो में एक युवती को कुछ लड़कों से घिरा हुआ देखा गया। आरोप है कि युवक उसके साथ हंगामा करने के साथ डांट-फटकार और मारपीट कर रहे थे। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और तकनीकी टीम को इसकी जांच के निर्देश दिए।
तकनीकी जांच के बाद वीडियो की लोकेशन तुलसिया हाट रेलवे स्टेशन के आसपास की सामने आई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
वीडियो के आधार पर पांच युवकों की पहचान
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल बताए जा रहे पांच युवकों की पहचान की है। इनमें अफसर उर्फ हत्ती, जुबेर खान, मिजान उर्फ सलमान, कामिल और शहजाद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ आरोपियों के वर्तमान में दूसरे राज्यों में रहने की जानकारी मिली है। अफसर के गुजरात, जुबेर खान के हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान के कर्नाटक और कामिल के पंजाब में होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है और संबंधित स्थानों पर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दोस्त से मिलने स्टेशन पहुंची थी युवती
पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अपनी एक दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान आसपास के गांव के कुछ युवकों ने उसे देख लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ पूछताछ करने के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की।
पुलिस ने पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया है कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर मुखिया की मौजूदगी में पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास भी किया गया था।
हालांकि, अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोबारा जांच तेज कर दी है।
एक आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश
मामले में नामजद आरोपी शहजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, किशनगंज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया है। SIT तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो को बिना पुष्टि के आगे प्रसारित करने से बचें।



