Himachal PradeshIndiaTrending

नूरपुर के निजी स्कूल में 7वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई, प्रिंसिपल पर केस दर्ज; गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

नूरपुर : नूरपुर के सदवां क्षेत्र स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा के एक छात्र की कथित पिटाई का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले को लेकर पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, लुदोड़ी निवासी शारदा देवी पत्नी महेंद्र पाल द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर गुरुकुल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल आयरन शर्मा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल में पढ़ने वाले सातवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट की गई, जिससे उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।

नूरपुर के निजी स्कूल में 7वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई, प्रिंसिपल पर केस दर्ज; गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत केस दर्ज किया है। पीड़ित छात्र का मेडिकल सिविल अस्पताल नूरपुर में करवाया गया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है। इसी बीच, नूरपुर थाने पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी प्रिंसिपल की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पीड़ित परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है तथा उन्हें डरानेधमकाने का प्रयास किया जा रहा है।

क्षेत्र के बुद्धिजीवियों का कहना है कि निजी स्कूलों में विद्यार्थियों को स्कूल डायरी उपलब्ध करवाई जाती है, जिसमें होमवर्क, अनुशासन अथवा अध्ययन संबंधी शिकायतों की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाई जाती है। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार के पास ऐसी कोई डायरी या लिखित सूचना उपलब्ध नहीं है, जिससे यह स्पष्ट हो कि स्कूल प्रशासन ने पहले कभी छात्र के आचरण या पढ़ाई के संबंध में कोई शिकायत अभिभावकों से की हो। बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे मासूम से मारपीट करना बेहद निंदनीय है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नूरपुर थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि नूरपुर के नए जिला पुलिस अधीक्षक ने भी हाल ही में अपना कार्यभार संभाला है। ऐसे में क्षेत्रवासियों की नजर इस गंभीर मामले पर पुलिस प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा भी जोरों पर है कि कहीं यह पूरा मामला राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण अधर में न लटक जाए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply