चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस में कलह जारी है और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भारत वापसी तक इस कलह के बरकरार रहने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक चन्नी और वडि़ंग गुट राहुल गांधी के आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि मामला शांत हो सके। इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि चन्नी गुट बैकफुट पर आ गया है और चन्नी गुट के 2 नेता पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे। इनमें सांसद सुखजिंदर रंधावा भी शामिल हैं। इन नेताओं का कहना है कि हमारी किसी से कोई नाराजगी नहीं है। इससे पहले चन्नी दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी या उनकी टीम से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें टाइम नहीं मिला। इसके बाद चन्नी गुट ने चंडीगढ़ में विधायक राणा गुरजीत के घर में तीसरी मीटिंग बुलाई। जिसमें बघेल से मिलने का फैसला हो गया।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी आने वाले दिनों में गतिरोध खत्म होने का संकेत दिया। उन्होंने बुधवार शाम कहा, अगले तीनचार दिनों में पंजाब के लोगों को राज्य में एक नया राजनीतिक माहौल देखने को मिलेगा। अगर पार्टी का कोई नेता या कार्यकर्ता मुझसे नाराज़ है, तो मैं सभी मतभेदों को दूर करूंगा और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए एकजुट रहेगी।



