
Maharashtra Crime News: वसई इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक ओर नालासोपारा वेस्ट में एक महिला के साथ हुई शर्मनाक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर माणिकपुर पुलिस की तुंरत कार्रवाई ने एक युवक की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की है.
पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब एक महिला वसई वेस्ट के एक होटल से अपने घर की ओर लौट रही थी. आरोप है कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका पीछा किया और धीरे-धीरे उसके आवासीय भवन तक पहुंच गया. आरोप है कि बिल्डिंग के पास आरोपी ने महिला की फ्रॉक के नीचे हाथ डाला, उसके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील हरकत की.
महिला के बिल्डिंग परिसर में पहुंचने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत की और उसके साथ छेड़छाड़ की. इस अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध ने हल्के गुलाबी रंग की टी-शर्ट, काली जींस और सैंडल पहन रखे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है.
वसई में बड़ा हादसा टला, माणिकपुर पुलिस ने युवक की जान बचाई
इसी बीच वसई से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां माणिकपुर पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से एक युवक की आत्महत्या की कोशिश को समय रहते रोक दिया गया. जानकारी के मुताबिक, युवक अपने रिश्ते में आई परेशानियों और प्रेमिका के परिवार द्वारा शादी से इनकार किए जाने के कारण मानसिक तनाव में था. तनाव बढ़ने पर वह वसई रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्काईवॉक पर पहुंच गया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा.
उसके दोस्तों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना. स्थिति बिगड़ते देख दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बेहद शांतिपूर्ण तरीके से युवक से बातचीत शुरू की. इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने पीछे से जाकर उसे सुरक्षित पकड़ लिया और नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. बाद में युवक को पुलिस स्टेशन लाया गया और उसके परिवार को बुलाकर उसे सुरक्षित सौंप दिया गया.
नालासोपारा की छेड़छाड़ की घटना जहां चिंता बढ़ाती है, वहीं माणिकपुर पुलिस की तत्परता यह दिखाती है कि समय पर की गई कार्रवाई कई जिंदगियां बचा सकती है. दोनों घटनाएं वसई इलाके में सुरक्षा और सतर्कता की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती हैं.



