IndiaTrendingUttar Pradesh

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग की जीपी बस्ती में सामुदायिक शौचालय का किया उद्घाटन

  • दिल्ली सरकार झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
  • सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली लक्ष्मी योजना शिविर में महिलाओं से किया संवाद, पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्रों पर किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान जीपी सेवा बस्ती, पीतमपुरा में नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन किया। लगभग 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक सामुदायिक शौचालय स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग की झुग्गी बस्ती में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने जो विकास और जनकल्याण के वादे किए थे, आज वे धरातल पर साकार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग की जीपी बस्ती में सामुदायिक शौचालय का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक वर्ष में क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वॉटर एटीएम, गरीबों को सस्ती एवं पौष्टिक भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन, नई पानी की पाइपलाइन, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट्स, नालियों का निर्माण और आधुनिक सामुदायिक शौचालयों जैसी अनेक विकास परियोजनाओं को पूरा किया गया है। साथ ही 50 अतिरिक्त शौचालय सीटों के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।

उन्होंने ने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में गरीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी सोच के अनुरूप झुग्गीवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शिविर का किया निरीक्षण
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग स्थित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से संवाद कर योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महिलाओं ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण औक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र महिला का आवेदन सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि किसी भी लाभार्थी को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि योजना का लाभ अंतिम पात्र महिला तक सुगमता से पहुंचे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग की विधायक के रूप में दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के आवेदन पत्रों का परीक्षण किया और आवश्यक सत्यापन के उपरांत उन पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में यह उनका दायित्व है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का संकल्प है। वहीं स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली का प्रत्येक नागरिक बेहतर सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त कर सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply