
वैशाली नगर थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने होटल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ देर पहले उसने इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर अपनी जिंदगी खत्म करने का संकेत दिया था।
जयपुर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने होटल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ देर पहले उसने इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर अपनी जिंदगी खत्म करने का संकेत दिया था। स्टेटस देखकर चचेरे भाई ने उसे फोन किया, लेकिन छात्र ने मोबाइल बंद कर लिया। परिजन रात में होटल पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। लॉक तोड़कर अंदर जाने पर छात्र फंदे से लटका मिला। वहीं, पुलिस सोशल मीडिया स्टेटस की पुष्टि नहीं कर रही है।
रात 10 बजे होटल में लिया कमरा, करीब 1 बजे लगाया स्टेटस : पुलिस के अनुसार, राकेश (22) पुत्र गणेश दूदू स्थित नरैना क्षेत्र के हदुपुरा का रहने वाला था और जयपुर में कमरा लेकर रहता था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। रविवार रात करीब 10 बजे उसने सिरसी रोड पर खातीपुरा तिराहे के पास स्थित होटल गर्वित में कमरा किराए पर लिया। होटल कर्मचारियों से उसने कहा था कि सुबह 6-7 बजे दोस्त मिलने आएंगे और चेकआउट के समय कमरे का एक हजार रुपए किराया दे देगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव सोमवार को परिजनों को सौंप दिया। चचेरे भाई मंगलचंद ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।



