नई दिल्ली : पंजाब कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज़ कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग को बूथ लेवल एजेंट की सूची सौंप दी है तथा बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय करने का अभियान तेजी से चल रहा है। यह जानकारी अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने नई दिल्ली में दी।

औजला ने कहा कि कांग्रेस पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग को BLA1 और BLA2 की सूची सौंप दी गई है, जिससे मतदाता सूची से जुड़े कार्यों और चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर औजला ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान जो भी निर्णय करेगा, सभी नेता उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हैं, जबकि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
इस दौरान औजला ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर पंजाब के सीमावर्ती जिलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर एक मांगपत्र भी सौंपा। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए विशेष विकास पैकेज की मांग करते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का यह पंजाब का तीसरा दौरा है, लेकिन सीमा क्षेत्र अब भी बड़े विकास पैकेज का इंतजार कर रहा है।
औजला ने कहा कि पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के माध्यम से हो रही नशे और हथियारों की तस्करी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। इसे रोकने के लिए अत्याधुनिक एंटीड्रोन तकनीक की तत्काल तैनाती और सीमा पार से होने वाली तस्करी पर चल रहे एंटीस्मगलिंग अभियानों की व्यापक समीक्षा किए जाने की मांग की गई है।
उन्होंने रावी नदी के किनारे लगातार हो रहे कटाव को रोकने के लिए स्थायी उपाय करने तथा बाढ़ से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। इसके अलावा हरियाणा के साथ लंबित जल विवाद के शीघ्र समाधान और अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने का मुद्दा भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा गया।
औजला ने कहा कि पंजाब के विकास, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर केंद्र सरकार को प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लेना चाहिए।



