नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकवाद और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली और पंजाब से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सभी आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर और आईएसआई से जुड़े बताए जा रहे शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।

दो अलगअलग मॉड्यूल का खुलासा
स्पेशल सेल की जांच में दो अलगअलग मॉड्यूल का पता चला है। इनमें एक मॉड्यूल कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था, जबकि दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कई पिस्टल और पेट्रोल बम बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी देश में आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश में शामिल हो सकते हैं।
नेटवर्क और फंडिंग की जांच जारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित साजिशों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल से और कौनकौन लोग जुड़े हैं तथा उनके संभावित निशाने क्या थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।


