कब्ज एक आम पाचन संबंधी समस्या है, जिससे हर उम्र के लोग प्रभावित हो सकते हैं. जब मल त्यागने में कठिनाई हो, मल सख्त हो जाए या कई दिनों तक पेट ठीक से साफ न हो, तो इसे कब्ज की समस्या माना जाता है. अक्सर लोग इसे मामूली परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लंबे समय तक बनी रहने वाली कब्ज रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है. गलत खानपान, पर्याप्त पानी न पीना, फाइबर की कमी, शारीरिक एक्टिविटी न करना और कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी इसके पीछे कारण हो सकती हैं.

के कारण कई लोगों को मल त्याग के दौरान जोर लगाना पड़ता है, जिससे पाइल्स यानी बवासीर जैसी समस्या का खतरा बढ़ सकता है. पाइल्स में गुदा या मलाशय के निचले हिस्से की नसों में सूजन आ जाती है, जिससे दर्द, खुजली या मल के साथ खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि कब्ज का असर सिर्फ पाचन तंत्र तक ही सीमित नहीं माना जाता. इसलिए लंबे समय तक कब्ज बने रहने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आइए जानते हैं कि कब्ज किन स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है, कौनसे संकेतों पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और इससे बचाव के लिए क्या करना चाहिए.
कब्ज किनकिन स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है?
लंबे समय तक रहने वाली कब्ज सिर्फ पाइल्स का ही कारण नहीं बन सकती, बल्कि इससे कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. मल त्याग के दौरान बारबार जोर लगाने से एनल फिशर यानी मलद्वार की त्वचा में दरार हो सकती है, जिससे तेज दर्द और खून आने की समस्या हो सकती है. कुछ लोगों में रेक्टल प्रोलैप्स यानी मलाशय का कुछ हिस्सा बाहर निकल आने का जोखिम भी बढ़ सकता है, खासकर लंबे समय तक गंभीर कब्ज रहने पर.
इसके अलावा कब्ज के कारण पेट फूलना, गैस, पेट दर्द और अपच जैसी पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं. अगर लंबे समय तक कब्ज बनी रहे, तो मल बड़ी आंत में सख्त होकर जमा हो सकता है, जिसे फीकल इम्पैक्शन जिसे मल का सख्त होकर फंस जाना कहा जाता है. इसलिए लगातार कब्ज की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
कब्ज होने पर कौनसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए?
अगर कब्ज कई दिनों तक बनी रहे, मल त्याग के दौरान तेज दर्द हो, मल में खून दिखाई दे, पेट में लगातार दर्द या सूजन रहे, बिना कारण वजन कम होने लगे, बारबार उल्टी आए या मल त्याग बिल्कुल न हो, तो इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ये किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकते हैं.
इसके अलावा अगर कब्ज के साथ बुखार, लगातार कमजोरी या एनीमिया के लक्षण दिखाई दें, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.
कब्ज से बचाव और आंतों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?
कब्ज से बचने के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और फाइबर से भरपूर डाइट, जैसे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और दालें खाएं. नियमित रूप से शारीरिक एक्टिविटी या हल्की एक्सरसाइज करें और मल त्याग की इच्छा को न रोकें.
प्रोसेस्ड और जंक फूड का सेवन सीमित करें. अगर लाइफस्टाइल में बदलाव के बावजूद कब्ज लंबे समय तक बनी रहे, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लेकर सही कारण और उपचार की जानकारी लें.



