
फरीदाबाद: गौंची इलाके में एक होटल पर रोटी और नान देने में हुई देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान चाकू और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रोटी के लिए कुछ देर इंतजार करने को कहा तो हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, गौंची इलाके में स्थित एक होटल पर कुछ युवक नान और रोटी लेने पहुंचे थे। उस समय दुकान पर भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
होटल संचालक पक्ष का आरोप है कि रोटी तुरंत देने की बात को लेकर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां कई लोग जमा हो गए और विवाद बढ़ गया।
मारपीट के दौरान चाकू से हमला करने का आरोप
होटल संचालक आसिफ के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद आरोपित पक्ष के कुछ युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके छोटे भाई मोहसिन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसिफ का दावा है कि झड़प के दौरान उसे भी चोटें आईं। उसके कंधे में चोट लगने के साथ नाक की हड्डी टूटने की बात सामने आई है।
घायल युवक को किया गया रेफर
मोहसिन की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे नजदीक के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं झड़प में घायल अन्य लोगों का भी फरीदाबाद के अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है।
दोनों पक्षों के लोग घायल
पुलिस के मुताबिक, घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। होटल संचालक पक्ष की ओर से शिकायत पुलिस को दी गई है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिलने की बात कही गई है।
संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी कैलाश चंद के अनुसार, शुरुआती जानकारी में होटल पर रोटी के पैसे और उसे देने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी हुई।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। होटल संचालक पक्ष की शिकायत के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। दूसरे पक्ष से शिकायत मिलने पर उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



