
अलवर। अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना में 3 वर्षीय मासूम बालक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी जान लेने की कोशिश करने वाली दो महिला आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मासूमों के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कानून का शिकंजा तेजी से कसता है।पुलिस अधीक्षक अलवर सुधीर चौधरी ने बताया कि ग्राम घाटड़ा में घटित इस गंभीर वारदात को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए बालक की हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका एवं वृत्ताधिकारी राजगढ़ मनीषा मीना के निर्देशन में शुरू की गई।
थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद दोनों महिला आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी मंजू देवी स्वामी (29) पत्नी ओमप्रकाश पुजारी और बबीता देवी स्वामी (29) पत्नी बबलूराम स्वामी ग्राम घाटड़ा, थाना टहला, जिला अलवर की निवासी है।
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक जेकम, राजेन्द्र कुमार, हैड कांस्टेबल कैलाश चन्द्र तथा कांस्टेबल प्रेमराज, जोगेन्द्र कुमार, संजय कुमार, सुमन यादव एवं रिकीं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



