IndiaTrending

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात, तूफानी होगा मौसम का मिजाज, खूब बरसेंगे बदरा.

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात, तूफानी होगा मौसम का मिजाज, खूब बरसेंगे बदरा.

(फाइल फोटो)

IMD Thunderstorm Rain Forecast: तमिलनाडु में पिछले कुछ दिनों की अपेक्षाकृत राहत भरी मौसम स्थितियों के बाद एक बार फिर तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसी बीच क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय स्तर पर भारी बारिश भी हो सकती है. IMD का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में साइक्‍लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम का मिजाज तूफानी रहने वाला है.

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के रास्ते फैला चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय बना हुआ है. यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसके प्रभाव से राज्य में वर्षा गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. सोमवार को तिरुचिरापल्ली, पेरम्बलूर, अरियालूर, नामक्कल और सलेम जिलों के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.

मंगलवार को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान

इसके अलावा मंगलवार को नामक्कल, सलेम, तिरुचिरापल्ली, पेरम्बलूर, अरियालूर, कल्लाकुरिची, तंजावुर, तिरुवारुर और मयिलादुथुरै जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. रामनाथपुरम जिले में भी मंगलवार से मौसम के अधिक सक्रिय होने की संभावना है. यहां भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्री और स्थलीय परिस्थितियों के संयुक्त प्रभाव से इस क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल सकता है. राजधानी चेन्नई में सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. हालांकि शहर में किसी बड़ी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

टेम्‍प्रेचर भी हाई

रविवार को राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया. नागपट्टिनम सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. मदुरै में 39.5 डिग्री सेल्सियस और तिरुचिरापल्ली में करीब 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. चेन्नई, कुड्डालोर, करूर परमाथी और तंजावुर सहित कई इलाकों में भी भीषण गर्मी महसूस की गई. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऊंचे तापमान और अनुकूल वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण राज्य के आंतरिक जिलों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में बिखरी हुई वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply