IndiaUttar Pradesh

​बहू ने दी 6 लाख की सुपारी, नौकर ने किए चाकू से 26 वार… कानपुर में करोड़पति कारोबारी के कत्ल ऐसे खुला राज

Kanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश में कानपुर के कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मनोचा की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस हत्या को देखकर पुलिस भी शुरुआत में हैरान थी, उसकी साजिश घर के अंदर से ही रची गई थी. पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की हत्या किसी बाहरी शख्स ने नहीं, बल्कि उनकी बहू शालू ने कराई थी. आरोप है कि शालू ने अपने ससुर की हत्या के लिए घर के पुराने नौकर विशाल गौतम को 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी. वारदात में विशाल ने अपने साथी राजकिशोर को भी शामिल किया.

​बहू ने दी 6 लाख की सुपारी, नौकर ने किए चाकू से 26 वार… कानपुर में करोड़पति कारोबारी के कत्ल ऐसे खुला राज

पुलिस के मुताबिक, शालू अपने ससुर विनीत मनोचा से नाराज थी. वजह थी ससुर की ओर से उस पर लगाई जाने वाली बंदिशें. पुलिस की जांच में सामने आया कि विनीत अपनी बहू की गतिविधियों पर नजर रखते थे. घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए वह उसकी निगरानी करते थे. इसके अलावा खर्च के लिए भी शालू को जरूरत के मुताबिक ही पैसे दिए जाते थे. देर रात होने वाली पार्टियों में जाने को लेकर भी विनीत उसे रोकते थे. पुलिस का दावा है कि लगातार इन बातों को लेकर शालू और उसके ससुर के बीच तनाव था. इसी नाराजगी ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया.

पार्टी में गए थे बहूबेटा

शनिवार रात विनीत मनोचा अपने फ्लैट में अकेले थे. उनका बेटा सुब्रत और बहू शालू बच्चे के साथ घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान घर का पुराना नौकर विशाल गौतम अपने साथी राजकिशोर के साथ रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट पहुंचा. अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड ने दोनों को रोक लिया. इसके बाद विशाल ने फोन पर शालू से बात कराई. पुलिस के मुताबिक, शालू ने दोनों को अंदर जाने की अनुमति देने के लिए कहा और बताया कि वे दवाएं लेकर आए हैं.

जांच में यह भी सामने आया कि शालू ने विशाल को फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी उपलब्ध कराई थी. रात करीब 9 बजकर 38 मिनट पर शालू ने मैसेज कर विशाल को बताया कि घर खाली है. इसके बाद विशाल और राजकिशोर फ्लैट के अंदर पहुंचे और बेडरूम में छिपकर विनीत के लौटने का इंतजार करने लगे.

आरोपियों ने फ्रिज से मिठाई खाई

करीब सवा घंटे बाद विनीत फ्लैट में वापस लौटे. पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद उन्हें भूख लगी तो उन्होंने फ्रिज में रखी मिठाई खाई और पानी पिया. इसके बाद वह घर के कमरे बंद करने लगे. इसी दौरान बेडरूम में छिपे दोनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, विशाल गौतम ने चाकू से विनीत पर 26 वार किए. हमले में दवा कारोबारी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गए और उनकी मौत हो गई.

पुलिस का दावा है कि शालू ने हत्या को हार्ट अटैक जैसा दिखाने की भी योजना बनाई थी. इसके लिए उसने विशाल से तकिये से मुंह दबाकर हत्या करने को कहा था. हालांकि वारदात योजना के मुताबिक नहीं हुई और विनीत पर चाकू से हमला किया गया.

बेडरूम में मिली लाश

रविवार तड़के करीब तीन बजे सुब्रत और शालू बच्चे के साथ घर लौटे. फ्लैट के बेडरूम में विनीत मनोचा का खून से लथपथ शव पड़ा था. घर का यह दृश्य देखकर परिवार में हड़कंप मच गया. पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को विशाल गौतम और राजकिशोर की भूमिका पर शक हुआ. दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई.

14 बार फोन पर हुई बातचीत

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विशाल ने शालू के कहने पर हत्या करने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने शालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में शालू ने भी अपना जुर्म स्वीकार किया है. जांच में यह बात भी सामने आई है कि हत्या वाली रात शालू और विशाल के बीच 14 बार फोन पर बातचीत हुई थी. पुलिस इस कॉल डिटेल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस कारोबारी के बेटे सुब्रत की भूमिका की भी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

नौकर ने की हत्या

कानपुर के इस हत्याकांड ने रिश्तों के भीतर छिपे तनाव और साजिश की ऐसी तस्वीर सामने रख दी है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. जिस घर में कारोबारी को अपने परिवार और पुराने नौकरों पर भरोसा था, उसी घर में पुलिस के मुताबिक उनकी हत्या की साजिश तैयार हुई. अब जांच का फोकस हत्या की पूरी साजिश, सुपारी की रकम और इसमें शामिल सभी लोगों की वास्तविक भूमिका पर है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply