
अब जो किए हो दाता ऐसा न कीजो, अगले जनम मोहे बिटिया न कीजो…” यह दर्द शायद उस बेटी के मन में आखिरी समय तक रहा होगा, जिसे बचपन में गिरने पर संभालने वाले पिता ने ही मौत के घाट उतार दिया।
दिल दहला देने वाली यह घटना तब सामने आई, जब अविवाहित बेटी को गर्भपात कराने के बहाने चंबल नदी के किनारे ले जाकर पिता ने अपने दामाद के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले युवती पर आत्महत्या करने का दबाव बनाया। डर के कारण वह इसके लिए तैयार भी हो गई, लेकिन मौत के भय से जब वह पानी से बाहर निकलने लगी तो पिता ने दामाद के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और नदी में डुबोकर मार डाला।
हत्या से पहले रचा गया झूठा खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने की योजना बनाई थी। उन्होंने युवती से कहा कि वह मरने का नाटक करे, ताकि लगे कि उसने जहर खाकर जान दी है। युवती जमीन पर लेट गई और जीजा ने उसकी तस्वीरें भी खींच लीं। आरोपियों को लगा कि ये तस्वीरें उनकी बेगुनाही का सबूत बनेंगी और पुलिस उन्हें दोषी नहीं मान पाएगी।
लेकिन जांच में यही तस्वीरें उनके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गईं। आरोपी पिता के मोबाइल की गैलरी से मिली तस्वीरों ने पूरी कहानी उजागर कर दीं। ये फोटो 29 जुलाई की सुबह करीब 6:45 बजे खींची गई थीं।
“मेरे हाथ से पाप क्यों करा रही है, खुद ही मर जा”
पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि उसने बेटी से कहा था, “तू खुद ही मर जा… मेरे हाथ से पाप क्यों करा रही है।” इसके बाद जब बेटी पानी में डूबने के बाद बाहर आने लगी तो उसने उसका गला पकड़ लिया और पानी में दबाकर उसकी जान ले ली।
आरोपी ने बताया कि बेटी बचने के लिए छटपटा रही थी, लेकिन उसने उसे नहीं छोड़ा। कुछ देर बाद जब उसकी सांसें थम गईं तो शव को बाहर निकाला गया और दामाद से दोबारा तस्वीरें खिंचवाई गईं। इसके बाद शव को नदी में बहा दिया गया।
गर्भपात कराने के बहाने लेकर आया था पिता
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेटी को गर्भपात कराने की बात कहकर अपने साथ लाया था। पहले बेटी आने को तैयार नहीं थी, लेकिन जब उसे बदनामी का डर दिखाया गया तो वह साथ चलने के लिए राजी हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब चंबल नदी में शव की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर ले जाकर स्थानीय लोगों से पहचान कराने की प्रक्रिया भी की जाएगी। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल कपड़े, अन्य सामान और संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आने-जाने वाले वाहन और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



