CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

बंद कमरे से लैब टेक्नीशियन और युवती के शव बरामद, इलाके में हड़कंप, प्रेम प्रसंग की आशंका

बंद कमरे से लैब टेक्नीशियन और युवती के शव बरामद, इलाके में हड़कंप, प्रेम प्रसंग की आशंका

सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी में बंद कमरे से एक लैब टेक्नीशियन और एक युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि एसबीआई कॉलोनी स्थित एक मकान का कमरा अंदर से बंद है और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। मौके पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह और पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान 40 वर्षीय सैम कमनिश, निवासी केरल, और 23 वर्षीय आस्था, निवासी रसूलपुर पापड़ेकी, के रूप में की है। सैम कमनिश दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था।

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक ने पहले अपनी कलाई की नस काटी और बाद में कमरे की खिड़की से आंशिक रूप से लटककर जान दे दी। वहीं युवती की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि इन सभी पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

क्षेत्राधिकारी द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply