
गोबरा नवापारा, छत्तीसगढ़: वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन के पास एक निजी अस्पताल के समीप नाली में सात महीने के भ्रूण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नाली में भ्रूण पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की नजर नाली में पड़े भ्रूण पर पड़ी थी। सूचना मिलने के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को नाली में फेंका गया होगा। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जांच
घटना के बाद पुलिस आसपास के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
फिलहाल भ्रूण की पहचान और उसे नाली में फेंकने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
— Satya Report



