
हरदोई। विवाहिता का शव बुधवार शाम घर में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर दहेज की माँग पूरी न होने पर हत्या कर शव लटका ने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत पांच के विरुद्ध एफ आइ आर दर्ज की है।
उन्नाव के फत्तेपुर चौरासी के ग्राम शिव पूरी की प्रियंका की शादी एक वर्ष पहले माधौगंज के ग्राम गौरा के मुकेश के साथ हुई थी, प्रियंका की एक माह की बेटी है, बुधवार की शाम प्रियंका का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। स्वजन फंदे से उतारकर मेडिकल कालेज अस्पताल ले गए, चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मायके से पिता आदि मौके पर पहुंचे,थाने में तहरीर दी। भाई अजीत का आरोप है कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन बहन को प्रताड़ित कर रहे थे,मांग पूरी न होने पर मारपीट कर हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया।
बहन के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने पति, सास, ससुर देवर,ननद के विरुद्ध दहेज हत्या की एफ आइ आर दर्ज की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।



