Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस के नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की आदर्श नगर थाने की पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए हत्या के आरोपी सुमन कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी वारदात के बाद लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा और गिरफ्तारी से बचने के लिए इंडोनेपाल बॉर्डर तक पहुंच गया था. करीब दो महीने तक चली जांच, 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और कई राज्यों में दबिश के बाद पुलिस उसे पकड़ने में सफल रही.

पुलिस के मुताबिक, 23 मार्च को आदर्श नगर थाना इलाके में एक घायल व्यक्ति मिलने की सूचना मिली थी. उसे बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी. बाद में मृतक की पहचान गोरखपुर निवासी रमेश यादव उर्फ रावण के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई. जांच के दौरान करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई.
बॉर्डर इलाके मे छिपा था आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुरुग्राम में रहने वाले सुमन कुमार झा की भूमिका इस ब्लाइंड मर्डर केस में सामने आई. इसके बाद आरोपी के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कराया गया. जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से नेपाल के सप्तरी जिले का रहने वाला है. पुलिस को सूचना मिली कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए इंडोनेपाल बॉर्डर इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने सीमा इलाके में लगातार अभियान चलाया और मुखबिरों का नेटवर्क तैयार किया.
पुलिस गिरफ्त से की भागने की कोशिश
28 मई को पुलिस को पक्की सूचना मिली कि आरोपी अपने एक सहयोगी से मिलने के लिए बॉर्डर पार कर महादेव मठ की तरफ आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और उसे बिहार के मधुबनी जिले में ट्रेस कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने काफी विरोध किया. उसने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और भागने की भी कोशिश की. यहां तक कि मोटरसाइकिल से ले जाते समय भी कई बार वाहन को असंतुलित कर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे काबू में रखा.
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली. उसने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले वह और रमेश यादव साथ में शराब पी रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया था. विवाद के बाद उसने बदला लेने की ठान ली. वारदात वाले दिन उसने रमेश को सोता हुआ देखा और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद वह मौके से फरार होकर गुरुग्राम चला गया.
गिरफ्तार आरोपी सुमन कुमार झा गुरुग्राम के शक्ति पार्क इलाके में रह रहा था. उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.



