
दिल्ली के द्वारका में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया और हत्या तक पहुंच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पता चला है कि इस मामले में आरोपी के साथ ही उसका नाबालिग बेटा भी शामिल है.
Delhi Murder Case: दिल्ली के द्वारका इलाके में कार की पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ था. वो मामूली विवाद देखते-देखते इतना भयानक हो गया कि इस दौरान एक महिला की हत्या कर दी गई. महिला को चाकू गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया. इस विवाद में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसकी तलाश की जा रही थी.
पहले भी पार्किंग को लेकर हुए झगड़े
पुलिस का कहना है कि ये मामला आपसी रंजिश का है. लंबे समय से दोनों का विवाद था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर कई बार झगड़े हो चुके हैं. इसके कारण अक्सर तनाव देखने को मिलता है. मंगलवार की शाम को दोबारा कार पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ. बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया.
महिला पर चाकू से किए वार
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी शख्स और उसके नाबालिग बेटे ने महिला और उसके पति को पीटना शुरू किया. आरोपियों ने महिला और उसके पति पर चाकू से कई वार किए. हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं. उसे आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर द्वारका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस पूरे विवाद की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इसके बाद तलाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं नाबालिग आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई है और जगह-जगह पर छापेमारी की जा रही है.



