CrimeIndiaTrending

डॉक्टर, लॉयर, लवर; शातिर ठग ने 500 से अधिक महिलाओं को बनाया ‘रोमांस स्कैम’ का शिकार, ऐसे खुला राज

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को पकड़ा है जो 500 से अधिक महिलाओं को ब्लैकमेल कर चुका है। वह डेटिंग और मेट्रिमोनियल ऐप्स पर फर्जी डॉक्टर या बिजनेसमैन बन महिलाओं को अपनी बातों में फंसाता था। इसके बाद शादी का झांसा देकर उनके निजी वीडियो लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलता था।
डॉक्टर, लॉयर, लवर; शातिर ठग ने 500 से अधिक महिलाओं को बनाया 'रोमांस स्कैम' का शिकार, ऐसे खुला राज

देशभर में सोशल मीडिया और डेटिंग/मेट्रिमोनियल ऐप्स के जरिये महिलाओं को अपनी बातों के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने करीब 500 से अधिक महिलाओं को ‘हनीट्रैप’ और ‘रोमांस स्कैम’ का शिकार बनाने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी 35 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि आनंद कुमार डेटिंग ऐप्स पर खुद को डॉक्टर, वकील, सफल बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताकर फर्जी प्रोफाइल बनाता था। वह मेट्रिमोनियल साइट्स पर जीवनसाथी की तलाश कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था। भरोसा जीतने के बाद वह महिलाओं से उनके निजी फोटो और अश्लील वीडियो हासिल कर लेता था। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता था। वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलता था।

ऐसे सामने आया मामला

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वैभव अरोड़ा नाम की इंस्टा प्रोफाइल के जरिये उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को कारोबारी बताकर शादी का वादा किया। विश्वास जीतने के लिए उसने आनंद नाम का एक फर्जी दोस्त भी पेश किया। बाद में मेडिकल इमरजेंसी और बिजनेस में घाटे का बहाना बनाकर उसने महिला से 7 लाख रुपये ठग लिए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने खुद की (वैभव की) मौत की झूठी खबर फैलाकर संपर्क तोड़ दिया।

ऐसे पकड़ा आरोपी

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के निर्देश पर इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक, एसआई प्रियंका और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच की गई। आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिली। दिल्ली पुलिस ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड और ठगी के पैसों से खरीदे गए सोने के गहने बरामद हुए हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply