IndiaUttar Pradesh

​UP PET 2026: परीक्षा के चलते कल नोएडा-गाजियाबाद-लखनऊ समेत 60 जिलों में 12वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 के चलते शुक्रवार यानी 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रहेंगे. नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, प्रयागराज और अलीगढ़ समेत कई जिलों में जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं. हालांकि, शिक्षकों और कर्मचारियों को छुट्टी नहीं दी गई है. उन्हें अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना होगा.

​UP PET 2026: परीक्षा के चलते कल नोएडा-गाजियाबाद-लखनऊ समेत 60 जिलों में 12वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद

UPSSSC के अध्यक्ष डॉ. एसएन साबत के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के 60 जिलों में PET परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा के लिए करीब 35.42 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है. अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या और परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ की आशंका को देखते हुए संबंधित जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.

लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश

लखनऊ, प्रयागराज और अलीगढ़ समेत कई जिलों में DIOS की ओर से स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. लखनऊ के DIOS के मुताबिक, PET2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जा रही है. 25 अक्टूबर को दो पालियों में परीक्षा हो चुकी है. अब 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी दोदो पालियों में परीक्षा होगी. हर पाली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजनों के आने की संभावना है.

35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण

ऐसे में शहरों में यातायात और भीड़ का दबाव बढ़ सकता है. इसी को देखते हुए संबंधित जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है. PET2026 के लिए 35,41,297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है. परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 1,372 केंद्रों पर तीन तारीखों—25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर—को दोदो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र, तारीख और पाली के अनुसार पहुंचना होगा.

पहले दिन 69.63 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

25 अक्टूबर को PET2026 के पहले दिन प्रदेश में 11,80,434 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी. इनमें से 8,21,986 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. इस तरह पहले दिन कुल उपस्थिति 69.63 प्रतिशत रही, जबकि 3,58,448 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा के अगले चरणों के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के इंतजाम किए हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply