CrimeIndiaTrending

ओडिशा में इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रा खुदकुशी: परिवहन मंत्री का भतीजा विश्वजीत जेना नामजद; आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज..

ओडिशा में इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रा खुदकुशी: परिवहन मंत्री का भतीजा विश्वजीत जेना नामजद; आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज..

भुवनेश्वर : ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर के निकट स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपित की पहचान विश्वजीत जेना के रूप में हुई है, जो राज्य के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना का भतीजा बताया जा रहा है।

पुलिस ने विश्वजीत जेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है, जो आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) से संबंधित है।

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा के मामा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विश्वजीत जेना उसी कॉलेज में अंतिम वर्ष का बीसीए छात्र था और उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था।

मामले की जांच के तहत पुलिस ने छात्रा का लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा छात्रावास परिसर के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह छात्रा को कॉलेज छात्रावास से गंभीर अवस्था में बरामद किया गया था। उसे तत्काल ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस टीम कॉलेज परिसर पहुंची और छात्रा के मित्रों तथा परिचितों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारी एकत्र की। जांच अधिकारी छात्रा के व्यक्तिगत और सामाजिक संबंधों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रवण विवेक एम. ने कहा, “गोलंथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी कॉलेज की तृतीय वर्ष की बीसीए छात्रा की मृत्यु हुई है। छात्रा के मामा ने विश्वजीत जेना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।”

पुलिस ने कहा है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply