
रोजाना ब्रश करने के बावजूद मसूड़ों से खून आना (Bleeding Gums) और दांतों का पीला पड़ना (Yellow Teeth) सिर्फ सौंदर्य से जुड़ी समस्या नहीं है, बल्कि यह जिंजिवाइटिस (Gingivitis), मसूड़ों के संक्रमण और दांतों के इनेमल के कमजोर होने का संकेत भी हो सकता है। कमजोर मसूड़े और पीले दांत न केवल आपकी मुस्कान को प्रभावित करते हैं, बल्कि ओरल हेल्थ से जुड़ी गंभीर समस्याओं का खतरा भी बढ़ा सकते हैं। डेंटिस्ट्स के अनुसार, केमिकल युक्त टूथपेस्ट का अत्यधिक इस्तेमाल, इंस्टेंट व्हाइटनिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कई केमिकल प्रोडक्ट्स, खराब खानपान, मुंह की ठीक से सफाई न करना और पोषण की कमी दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है।
ऐसे में दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने के लिए नेचुरल उपाय मददगार साबित हो सकते हैं। भारतीय योग गुरु, लेखिका, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी Hansa Yogendra के मुताबिक, रसोई में मौजूद कुछ नेचुरल चीजें दांतों की गहरी और सुरक्षित सफाई करने, मसूड़ों को मजबूत बनाने और ओरल हेल्थ को बेहतर रखने में सहायक हो सकती हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि दांतों और मसूड़ों को कैसे नेचुरल तरीके से साफ करें।
सेंधा नमक, हल्दी और सरसों के तेल का पेस्ट लगाएं
डॉ. हंसा योगेंद्र के मुताबिक, एक चम्मच सेंधा नमक, एक चम्मच हल्दी पाउडर और कुछ बूंदें सरसों के तेल की मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को उंगलियों की मदद से दांतों और मसूड़ों पर 2-3 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। इस पेस्ट का इस्तेमाल करने से दांतों का पीलापन दूर होता है और मसूड़ों से जुड़ी समस्याएं भी कंट्रोल रहती है।
कैसे असर करता है ये पेस्ट?
इस पेस्ट में शामिल हल्दी में एंटी बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं जो मसूड़ों का संक्रमण और सूजन से बचाव करते हैं।
सेंधा नमक मसूड़ों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने में मदद करता है।
सरसों का तेल प्लाक को धीरे-धीरे हटाने में मददगार माना जाता है।
ये तीनों चीजों का मिश्रण आपके दांतों की नेचुरल तरीके से सफाई करता है।
संतरे के छिलके और नारियल तेल का पेस्ट लगाएं
एक चम्मच सूखे संतरे के छिलके का पाउडर और थोड़ा नारियल तेल मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे दांतों पर 2 मिनट तक लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें और फिर पानी से कुल्ला कर लें। इस पेस्ट की मदद से आपके दांत और मसूड़ों की हेल्थ में सुधार होगा। ये पेस्ट नेचुरल तरीके से दांतों का पीलापन दूर करेगा और दांतों को हेल्दी रखेगा।
कैसे करता है असर?
- संतरे के छिलके में मौजूद डी-लिमोनीन (D-Limonene) दांतों पर जमा दाग हटाने में मदद कर सकता है। इसकी मदद से पीले दांत सफेद मोतियों की तरह चमक सकते हैं।
- नारियल तेल बैक्टीरिया और प्लाक को कम करने में सहायक माना जाता है। दिन में एक से दो बार इससे दांतों की मसाज करने से मसूड़े और दांतों से जुड़ी परेशानियों में राहत मिलती है।
- नियमित उपयोग से दांतों की नेचुरल चमक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
ऑयल पुलिंग करें
सुबह खाली पेट एक चम्मच नारियल या तिल का तेल मुंह में लेकर 10-15 मिनट तक घुमाएं। इसके बाद तेल बाहर निकालकर गुनगुने पानी से कुल्ला करें। यह प्रक्रिया मुंह की सफाई, प्लाक कम करने और मसूड़ों को मजबूत बनाने में मदद कर सकती है।
नीम या बबूल का दातुन इस्तेमाल करें
हफ्ते में 2-3 बार नीम या बबूल का दातुन करने से दांतों पर जमा गंदगी हटाने और बैक्टीरिया को कम करने में मदद मिल सकती है।
जीभ की सफाई करें
रोज सुबह टंग क्लीनर से जीभ साफ करें। इससे मुंह में मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं, सांस की बदबू दूर होती है और ओरल हाइजीन बेहतर बनी रहती है।
लौंग के पानी से कुल्ला करें
2-3 लौंग को पानी में उबालकर ठंडा कर लें और दिन में 1-2 बार उससे कुल्ला करें। यह मसूड़ों को सपोर्ट करने और मुंह को फ्रेश रखने में मदद कर सकता है।
दांतों और मसूड़ों को हेल्दी रखने के लिए इन आदतों को अपनाएं
- हर भोजन के बाद सादे पानी से कुल्ला करें।
- गाजर, खीरा और सेब जैसे क्रंची फूड्स खाएं। पोषक तत्वों से भरपूर ये फूड आपके दांतों और मसूड़ों को हेल्दी रखेंगे।
- ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन कम करें।
- मसूड़ों से खून आने की समस्या को नजरअंदाज न करें।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी विशेषज्ञ द्वारा बताए गए उपायों पर आधारित है। अगर मसूड़ों से लगातार खून आता है, दांतों में दर्द रहता है या कोई गंभीर दंत समस्या है तो डेंटिस्ट से सलाह जरूर लें।



