BusinessIndia

Explainer: कैसे केवल एक बैरल कच्चे तेल से बदल जाती है देश की इकोनॉमी, यहां समझिए पूरा गणित

Satya Report: कच्चे तेल की कीमत बढ़ते ही आम लोगों को सबसे पहले असर पेट्रोल पंप पर दिखाई देता है, लेकिन इसकी असली कहानी इससे कहीं बड़ी है. हकीकत तो ये है कि कच्चे तेल से सिर्फ पेट्रोल ही नहीं बनता, बल्कि इससे कई तरह के ईंधन और औद्योगिक उत्पाद तैयार होते हैं. पेट्रोल के अलावा कच्चे तेल से डीजल, LPG, जेट फ्यूल, बिटुमेन और पेट्रोकेमिकल्स जैसे जरूरी प्रोडक्ट भी बनते हैं, जो ट्रांसपोर्ट, इंडस्ट्री, कंस्ट्रक्शन और घरघर की जरूरतों को पूरा करते हैं.

Explainer: कैसे केवल एक बैरल कच्चे तेल से बदल जाती है देश की इकोनॉमी, यहां समझिए पूरा गणित
Explainer: कैसे केवल एक बैरल कच्चे तेल से बदल जाती है देश की इकोनॉमी, यहां समझिए पूरा गणित

एक बैरल में 159 लीटर कच्चा तेल होता है. इस एक बैरल से लगभग 42 प्रतिशत पेट्रोल, 27 प्रतिशत डीजल, 10 प्रतिशत जेट फ्यूल और बाकी LPG, लुब्रिकेंट्स और अन्य प्रोडक्ट बनते हैं. भारत में डीजल की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है. FY26 के आंकड़ों के अनुसार, डीजल की खपत करीब 94.7 मिलियन टन रही, जो कुल पेट्रोलियम खपत का लगभग 40 प्रतिशत है. डीजल ट्रक, बस, ट्रेन, खेती के उपकरण और निर्माण मशीनरी को चलाता है, जिससे देश की सप्लाई चेन और इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत रहता है. जहां पेट्रोल निजी वाहनों के लिए जरूरी है, वहीं डीजल गांव से लेकर शहर तक पूरी अर्थव्यवस्था को रफ्तार देता है.

ट्रांसपोर्ट के अलावा कहां होता है तेल का इस्तेमाल?

इसके अलावा कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा सिर्फ ट्रांसपोर्ट में ही नहीं जाता, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी उपयोग होता है. भारत में LPG की खपत 33.2 मिलियन टन है, जो घरों और व्यावसायिक कामों के लिए जरूरी है. नैफ्था का इस्तेमाल पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री में होता है, जिससे प्लास्टिक, पैकेजिंग और सिंथेटिक उत्पाद बनाए जाते हैं. इसके अलावा पेट्रोलियम कोक और बिटुमेन का उपयोग इंडस्ट्री और सड़क निर्माण में किया जाता है, जबकि लुब्रिकेंट्स और फ्यूल ऑयल मशीनों को चलाने में मदद करते हैं.

अर्थव्यवस्था पर ऐसे होता है असर

अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई में कोई रुकावट आती है, तो इसका असर सिर्फ ईंधन तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ती है, LPG महंगी होने से घर का खर्च बढ़ता है, पेट्रोकेमिकल्स महंगे होने से उत्पादन लागत बढ़ती है और जेट फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी महंगी हो जाती है. इस तरह एक छोटी सी सप्लाई समस्या महंगाई को बढ़ाकर हर सेक्टर को प्रभावित कर देती है.

भारत के लिए क्यों जरूरी है कच्चा तेल?

भारत के लिए कच्चे तेल को समझना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि देश इसकी बड़ी मात्रा आयात करता है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है. पश्चिम एशिया में तनाव के कारण हाल के महीनों में तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे भारत का आयात बिल भी बढ़ गया है. भले ही आयात में थोड़ी कमी आई हो, लेकिन कुल खर्च में भारी बढ़ोतरी देखी गई है.

कच्चे तेल पर निर्भर करती है महंगाई

कच्चे तेल की कीमत में थोड़ा सा भी इजाफा सीधे आम आदमी की जेब पर असर डालता है. डीजल महंगा होने से सामान की कीमत बढ़ती है, LPG महंगी होने से घरेलू बजट प्रभावित होता है और औद्योगिक लागत बढ़ने से महंगाई बढ़ती है. इसके बावजूद भारत में मांग मजबूत बनी हुई है और मार्च 2026 में खपत में 3.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यही कारण है कि कच्चे तेल की सप्लाई स्थिर रहना देश की आर्थिक स्थिरता और विकास के लिए बेहद जरूरी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply