
कौशांबी। कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद पांच घायलों की प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।
हादसे के बाद मौके पर दो जिलों की टीम तैनात
अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 18 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है। विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्लीहावड़ा लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। एनडीआरफ, एसडीआरएफ, दमकल की गाड़ियां, तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी राहतबचाव कार्य में जुटे हैं। घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को मनोरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया।
दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। पहले बताया गया था कि करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
हालांकि अभी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास हुआ, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गये।
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। पाल ने कहा, ”पिपरी थाना क्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास एक पटाखा फैक्टरी में धमाके की सूचना मिली । पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं।”
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है और फैक्टरी से सटे पांचछह घर ढह गए। जिला प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से मनोरी वायु सेना स्टेशन लगभग दो किलोमीटर दूर है तथा बचाव अभियान में कौशांबी और प्रयागराज की वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम जुटी हैं।
CM योगी ने पटाखा फैक्ट्री हादसे का लिया संज्ञान
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कौशाम्बी में हुए पटाखा फैक्ट्री में हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों की निर्देशित किया है कि वह घटना में घायल लोगों के इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध रहे।


