CrimeIndia

फर्जीवाड़े का शिकार बना किसान! अंगूठा लगवाकर हड़पी 4 एकड़ जमीन, खाते से उड़ाए ₹7 लाख

फर्जीवाड़े का शिकार बना किसान! अंगूठा लगवाकर हड़पी 4 एकड़ जमीन, खाते से उड़ाए ₹7 लाख

image social media

BILASPUR NEWS. कोटा थाना क्षेत्र में एक 67 वर्षीय अनपढ़ बुजुर्ग किसान से धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नामांतरण (म्यूटेशन) कराने का झांसा देकर आरोपियों ने पहले किसान से कई दस्तावेजों पर अंगूठे के निशान लगवाए, फिर करीब चार एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेच दी। इतना ही नहीं, वकील की फीस देने का बहाना बनाकर किसान के बैंक खाते से लगभग 7 लाख रुपये भी निकाल लिए। मामले में कोटा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम घोरामार निवासी 67 वर्षीय चैनदास मानिकपुरी मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं। अनपढ़ होने के कारण वे दस्तावेजों पर अंगूठा लगाते हैं। बड़े भाई से बंटवारे में मिली लगभग चार एकड़ कृषि भूमि के नामांतरण के लिए उन्होंने एक वकील से संपर्क किया था।

आरोप है कि वकील ने नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर दस्तावेज संतोष दास मानिकपुरी और सोनू दास मानिकपुरी को सौंप दिए। दोनों आरोपियों ने किसान को भरोसे में लेकर कई खाली और अन्य दस्तावेजों पर अंगूठे के निशान व हस्ताक्षर करा लिए। बाद में तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर किसान को पता चला कि उसकी जमीन उसकी जानकारी के बिना किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेच दी गई है।

पीड़ित ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपियों ने वकील की फीस जमा कराने का बहाना बनाकर जिला सहकारी बैंक, कोटा स्थित उसके बचत खाते से 27 अप्रैल 2026 से 4 मई 2026 के बीच तीन किश्तों में करीब 7 लाख रुपये भी निकलवा लिए।

शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने संतोष दास मानिकपुरी और सोनू दास मानिकपुरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस भूमि से जुड़े दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और राजस्व अभिलेखों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply