IndiaPunjabTrending

लुधियाना की गारमेंट फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप, 100 से ज्यादा दमकल गाड़ियां जुटीं; 12 घंटे तक चला रेस्क्यू…

लुधियाना की गारमेंट फैक्ट्री में आग से मचा हड़कंप, 100 से ज्यादा दमकल गाड़ियां जुटीं; 12 घंटे तक चला रेस्क्यू…

लुधियाना : लुधियाना के शेरपुर स्थित कैलाश नगर में बुधवार रात एक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण आग लग गई। आग रात करीब 11 बजे श्रेयांस फैब्रिक्स नामक बहुमंजिला फैक्ट्री में लगी। आग इतनी भयानक थी कि गुरुवार को 12 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीमें लपटों पर काबू पाने में जुटी रहीं।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तैयार गारमेंट्स, कपड़ा और मशीनरी रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा भारी स्टॉक और मशीनरी जलकर राख हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान फैक्ट्री के बेसमेंट में रखे सामान को हुआ, जहां भारी मात्रा में रखा स्टॉक पूरी तरह जल गया। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका है कि आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।

फायर ब्रिगेड की टीमों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए दमकल कर्मचारियों ने अस्थायी सीढ़ियों का इस्तेमाल किया। वहीं बेसमेंट में पानी पहुंचाने के लिए लोहे की ग्रिलें तोड़ी गईं, ताकि अंदर तक पानी डाला जा सके।

आग लगने के बाद फैक्ट्री मालिकों और कर्मचारियों ने शुरुआत में कुछ सामान को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की कोशिश की। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण बड़ी मात्रा में माल को बचाया नहीं जा सका।

फायर ऑफिसर आतिश राय ने बताया कि आग बुझाने का ऑपरेशन 12 घंटे से ज्यादा समय से जारी है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों पर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन बेसमेंट से अभी भी लपटें उठ रही हैं।

उन्होंने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए अब तक 100 से अधिक फायर टेंडर इस्तेमाल किए जा चुके हैं। दमकल विभाग की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं और आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान और कारणों की जांच की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply