
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शादी की बात को लेकर बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड के बीच बहस हुई और लड़के ने लड़की की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया. जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई.
Karnataka Crime: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला सामने आया है. जहां एक युवती की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज होकर उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर चाकू मारकर हत्या कर दी. यह घटना बेंगलुरु के महालक्ष्मी लेआउट इलाके में पाइपलाइन रोड पर देर रात हुई. अंजलि (23) की गर्दन पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी राजीव को गिरफ्तार कर लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि अंजलि और राजीव एक ही जगह काम करते थे और तीन-चार साल तक रिलेशनशिप में रहे. दोनों के परिवारों को इस रिश्ते के बारे में पता था, लेकिन राजीव के आपराधिक बैकग्राउंड की वजह से अंजलि का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था. आखिरकार अंजलि ने अपने परिवार के फैसले को माना और राजीव से दूरी बनानी शुरू कर दी. हालांकि, पुलिस के मुताबिक राजीव लगातार उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रविवार रात करीब 8:30 बजे राजीव अंजलि को डिनर के लिए पाइपलाइन रोड ले गया. इस दौरान शादी की बात फिर से उठी, लेकिन अंजलि इसके लिए तैयार नहीं थी. इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. गुस्से में आकर राजीव ने अंजलि की गर्दन पर चाकू मार दिया. आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एम.एस. रमैया अस्पताल भेजा गया है



