Fake Income Tax Officers News: जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र स्थित गोपालापुर बाजार में रविवार को आयकर विभाग का अधिकारी बनकर सर्राफा कारोबारी की दुकान पर पहुंचे पांच संदिग्धों की करतूत का पर्दाफाश हो गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से तीन संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोपालापुर बाजार में सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल की दुकान पर पांच लोग पहुंचे और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया। आरोप है कि उन्होंने छापेमारी का हवाला देते हुए दुकान का शटर बंद करा दिया और अलमारी में रखे जेवरात व अन्य सामान की जांच के नाम पर उन्हें अपने कब्जे में लेने लगे। व्यवसायी का आरोप है कि संदिग्धों ने उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर भी अपने कब्जे में लेकर उन्हें और उनकी पत्नी को डरानेधमकाने की कोशिश की।
पहचान पत्र मांगते ही खुली पोल
संदिग्धों की गतिविधियों पर शक होने पर व्यवसायी के परिजनों ने उनसे और छापेमारी से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज दिखाने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि यदि कार्रवाई वास्तव में आयकर विभाग की है तो स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में ही सामान ले जाया जाएगा। इतना सुनते ही परिजनों ने शोर मचा दिया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने संदिग्धों का पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
View this post on Instagram
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर के से मौके पर पुलिस पहुंची और पकड़े गए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गोपालापुर बाजार में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा।



