IndiaPunjabTrending

पंजाब के पूर्व CM चन्नी ने PU चंडीगढ़ में दिया एग्जाम, पेपर खत्म होने के बाद बोले- मैं रात सिर्फ 3 घंटे सोया

चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने पहुंचे। चन्नी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को अपना आखिरी पेपर दिया। परीक्षा दोपहर करीब 12:30 बजे तक चली, जिसके बाद वह पेपर देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकले।

चन्नी की परीक्षा देते हुए तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह अन्य विद्यार्थियों के साथ बैठकर पेपर हल करते नजर आए। उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों और अन्य स्टाफ को परीक्षा हॉल के बाहर रखा गया था।

रात 2 बजे तक पढ़ाई, सुबह 5 बजे उठे

परीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत में चन्नी ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के लिए बुधवार रात करीब 2 बजे तक पढ़ाई की और सुबह 5 बजे उठ गए। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने के लिए वह पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।

चन्नी ने बताया कि जब उन्हें दिल्ली जाना होता है, तब भी वह कई बार गाड़ी में बैठकर पढ़ाई करते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगातार मेहनत करते रहना जरूरी है।

बोले पूरी जिंदगी PU का छात्र रहूंगा

चन्नी ने कहा कि उन्हें पंजाब यूनिवर्सिटी का छात्र होने पर गर्व है और वह पूरी जिंदगी इसके छात्र बने रहना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले भी यहां से कई डिग्रियां हासिल कर चुके हैं और अब पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई पूरी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उनका आज का पेपर पूरा होने के साथ ही कुल 20 पेपर पूरे हो गए हैं। पुराने पेपरों के नतीजे भी आ चुके हैं। चन्नी के मुताबिक, पिछले परिणाम में उन्हें करीब 70 प्रतिशत और पिछले सेमेस्टर में 74 प्रतिशत अंक मिले थे। अब तीन पेपरों के परिणाम का इंतजार है।

BA, MBA, लॉ और PhD भी कर चुके हैं

63 वर्षीय चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब यूनिवर्सिटी से BA और LLB कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से MBA किया है। वर्ष 2023 में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में PhD भी पूरी की थी।

अब वह पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में पॉलिसी रिफॉर्म के क्षेत्र में आगे काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में वह फिर PhD करने की योजना बना रहे हैं। उनका शोध पंजाब में नीतिगत सुधार और सरकार के कामकाज को बेहतर बनाने से जुड़ा होगा।

करीब साढ़े 4 साल से कर रहे पढ़ाई और रिसर्च

चन्नी ने कहा कि वह करीब साढ़े चार साल से पढ़ाई और रिसर्च के इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य ऐसा मॉडल तैयार करने पर काम करना है, जिससे सरकारी व्यवस्था बेहतर हो और भ्रष्टाचार को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार को वेलफेयर स्टेट के रूप में काम करना चाहिए और ऐसी नीतियां बननी चाहिए, जिनका सबसे ज्यादा लाभ गरीब और मध्यम वर्ग को मिले। चन्नी ने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के लिए मुफ्त किए जाने की भी बात कही।

CWC बैठक छोड़कर परीक्षा को दी प्राथमिकता

चरणजीत चन्नी बुधवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। इस पर उन्होंने कहा कि CWC की बैठक नियमित रूप से होती रहती है, जबकि परीक्षा छोड़ने पर उनकी डिग्री एक साल आगे खिसक सकती थी और रिसर्च का काम भी प्रभावित होता।

उन्होंने बताया कि उन्होंने पार्टी हाईकमान से परीक्षा के कारण बैठक में शामिल न होने की लिखित अनुमति ली थी। चन्नी के मुताबिक, बैठक में करीब 80 सदस्य मौजूद थे, इसलिए उनके शामिल न होने से कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता।

पुराना किस्सा भी किया याद

चन्नी ने 2016 का एक पुराना किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय भी उनका पेपर और कांग्रेस की बैठक एक साथ पड़ गई थी। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने उनकी स्थिति को समझते हुए उन्हें अपना विमान उपलब्ध कराया था, जिससे वह समय पर परीक्षा दे सके।

चन्नी ने कहा कि जीवन में आने वाली परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए लगातार मेहनत और सीखते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उम्र किसी व्यक्ति की पढ़ाई या आगे बढ़ने की इच्छा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply