
बिहार के मुजफ्फरपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपने ही जिगरी दोस्त की पत्नी के साथ चला गया। जैसे ही इस बात की भनक दोनों परिवारों को लगी, माहौल इतना बिगड़ गया कि मामला मारपीट, चाकूबाजी की नौबत और फिर थाने तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, महिला के अपने पति के दोस्त के साथ चले जाने की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में जबरदस्त विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोग कथित तौर पर चाकू लेकर दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए। दोनों ओर से जमकर कहासुनी और मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर थाने ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया।
थाने में महिला ने सुनाया अपना फैसला
करीब चार घंटे तक दोनों परिवारों के बीच बहस, आरोप-प्रत्यारोप और हंगामा चलता रहा। इसी बीच जब महिला से उसकी इच्छा पूछी गई तो उसने सभी को चौंका दिया।
महिला ने पुलिस और दोनों परिवारों के सामने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इतना ही नहीं, उसने अपने बच्चे को भी साथ ले जाने की इच्छा जताई।
महिला का यह फैसला सुनते ही थाने में मौजूद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने सभी को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने क्या कहा?
नगर थाना पुलिस के अनुसार, विवाद की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान महिला, जो बालिग है, ने लिखित और मौखिक रूप से अपनी इच्छा जाहिर की कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है।
पुलिस ने बताया कि कानून के अनुसार कोई भी बालिग महिला अपनी इच्छा से अपना जीवनसाथी चुनने और उसके साथ रहने के लिए स्वतंत्र है। इसी आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
फिलहाल इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है और लोग रिश्तों में आए इस अप्रत्याशित मोड़ को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।



