बिहार के मुजफ्फरपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक कहानी सामने आई है. यहां एक कलयुगी प्रेमी ने पहले तो एक युवती को अपने प्रेम जाल में फसाया फिर शादी का झांसा देकर 2 साल तक उसका यौन शोषण किया, जब युवती गर्भवती हो गई और उसने एक मासूम बच्चे को जन्म दिया तो अब प्रेमी उसे अपनाने से साफ इनकार कर रहा है. बेबस मां अपने महज एक महीने के दुधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर तिरहुत रेंज के पुलिस डीआईजी कार्यालय के चक्कर काट रही है.

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव का है. पीड़ित युवती के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने पहले उससे मेलजोल बढ़ाया और फिर दोस्ती में बदल गई. इसके बाद आरोपी युवक उसे बहला फुसलाकर दिल्ली ले गया, जहां वह शादी का झांसा देकर कई महीनो तक जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा. 5 महीने की गर्भवती होने पर प्रेमी ने युवती से कहा कि तुम अभी घर चली जाओ जब बच्चे का जन्म हो जाएगा, तब हम धूमधाम से शादी कर लेंगे.
प्रेमी के बदले तेवर
सीधे स्वभाव की युवती उसकी बातों में आ गई और गांव लौट आई.करीब एक महीने पहले पीड़िता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के बाद जब आरोपी प्रेमी गांव वापस लौटा, तो पीड़िता अपने हक के लिए उसके घर पहुंची. उसने प्रेमी से खुद को अपनाने और शादी करने की गुहार लगाई, लेकिन प्रेमी के तेवर पूरी तरह बदल चुके थे. पीड़िता का आरोप है कि प्रेमी ने उसे और उसके बच्चे को अपनाने से साफ मना कर दिया और घर से डांटकर भगा दिया.
‘नहीं हो सकती हमारी शादी’
आरोपी का कहना था कि वह अलग जाति की है, इसलिए वह उससे शादी नहीं कर सकता. पीड़िता ने बताया कि इस धोखेबाजी के बाद उसने न्याय के लिए सबसे पहले स्थानीय हथौड़ी थाने का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. थाने से निराश होने के बाद, थकहारकर यह वह अपने एक महीने के बच्चे को कलेजे से लगाए मुजफ्फरपुर स्थित DIG कार्यालय पहुंची.
रोते हुए पीड़िता ने वरीय अधिकारियों से न्याय की भीख मांगी है. पीड़िता का कहना है कि वह आज भी अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, ताकि उसके बच्चे का भविष्य बर्बाद न हो और उसे समाज में सम्मान मिल सके.



