CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

रोजगार के नाम पर लोगों को ठगने वाला गैंग गिरफ्तार, 5 आरोपी दबोचे गए..

रोजगार के नाम पर लोगों को ठगने वाला गैंग गिरफ्तार, 5 आरोपी दबोचे गए..

Moradabad : नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने और विरोध करने पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश करने वाले गिरोह का सिविल लाइंस पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, फतेहपुर निवासी महेंद्र कुमार को उनके परिचित ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर मुरादाबाद बुलाया था। यहां आरोपियों ने उन्हें अपनी कार में बैठाकर बंधक जैसा बना लिया और उनके खाते से जबरन रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस सक्रिय हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काव्यांश शर्मा, अक्षय, दीपक, गुलशेर उर्फ इरशाद अली और सूरज बोहरा के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। इनमें से चार आरोपी आईटीआई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक लाख आठ हजार रुपये नकद और उत्तराखंड नंबर की बलेनो कार बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि ठगी की रकम और अन्य पीड़ितों की जानकारी सामने आ सके।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्षय पहले से पीड़ित महेंद्र कुमार को जानता था। इसी परिचय का फायदा उठाकर उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से उसे बुलाकर ठगी और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। आशंका है कि यह गिरोह नौकरी दिलाने के नाम पर अन्य लोगों को भी निशाना बना चुका है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply