बागपत ईटीपी प्लांट में गैस रिसाव से चीनी मिल में मची भगदड़, एक कर्मचारी की मौत, 3 बीमार

लाइट जलाते ही हो गया रिसाव
बताया जा रहा है कि, मलकपुर चीनी मिल का पेराई सत्र बीते दो अप्रैल को समाप्त हो गया था. इसके बाद से करीब-करीब सभी कर्मचारी काम खत्म होने जाने के चलते घर चले गए. मंगलवार शाम सिक्योरिटी गार्ड सुरेश शर्मा एटीपी प्लांट के अंदर की लाइट जलाने गये थे, तभी उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. गैस का रिसाव यहां पहले से ही हो रहा था. शोर सुनकर दूसरा सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप, लेबर ठेकेदार का बेटा हामिद सहित मौके पर मौजूद सभी कर्मचारी उधर दौड़े. लेकिन ये भी गैस रिसाव की चपेट में आ गए.
गैस रिसाव होने से मिल में चीख-पुकार मच गई. प्लांट के अंदर मौजूद रहे करीब आधा दर्जन कर्मचारी जिनमें सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल थे, उन सभी को किसी तरह दूसरे कर्मचारियों की मदद से पास के निजी अस्पतालों में पहुंचाया. बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान सिक्योरिटी गार्ड सुरेश शर्मा (50) निवासी गुराना रोड की मौत हो गई. जबकि एक अन्य कर्मचारी को मेरठ रेफर कर दिया गया है. इसके अलावा अस्पताल में दो अन्य कर्मचारियों जिनमे एक लेबर ठेकेदार का बेटा (हामिद), सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप का इलाज चल रहा हैं.
ईटीपी प्लांट में हुए गैस रिसाव के कारण सिक्योरिटी गार्ड की मौत पर मृतक के परिजनों सहित भारी संख्या में लोगों ने सीएचसी पर हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, पोस्टमार्टम के लिए शव को नहीं भेजा जायेगा.
जिले के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार रॉय ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बाताया कि रिसाव की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और सभी को रेस्क्यू किया गया. मामले की जांच की जा रही है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं.



