Satya Report: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. तितावी थाना क्षेत्र के गढ़ी देशराज गांव में 27 वर्षीय आयुष का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतक आयुष ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका अंशिका भारद्वाज और उसकी मां बबीता भारद्वाज को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. सुसाइड नोट के अनुसार, आयुष पिछले कुछ वर्षों से अंशिका के साथ संबंध में था, लेकिन इस दौरान उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उसने आरोप लगाया कि प्रेमिका और उसकी मां मिलकर उससे पैसे मांगती थीं और उसे ब्लैकमेल करती थीं.
‘आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो’
सुसाइड नोट में यह भी जिक्र है कि आरोपी महिलाएं आयुष की कुछ निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देती थीं, जिसके कारण वह लगातार तनाव में रह रहा था. इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कठोर कदम उठा लिया. सुसाइड नोट में आयुष ने अपने परिवार और पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए.
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
इस मामले में क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान आयुष पुत्र नीरज, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है, जो निजी कार्य करता था.
सीओ ने आगे बताया कि परिजनों की ओर से कुछ गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच का अहम आधार बनाया गया है. परिवार द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट रविंद्र सिंह



