Satya Report: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित कचहरी की पांचवीं मंजिल से कूदकर शुक्रवार को एक वकील ने आत्महत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 साल के प्रियांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है। उन्होंने जान देने से पहले वाट्सएप स्टेटस पर दो पन्नों के सुसाइट नोट की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने पिता के दुर्व्यवहार का जिक्र किया। कथित तौर पर वकील पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव की सख्ती और व्यवहार से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के पास साक्ष्य के नाम पर वाट्सएप स्टेटस पर पोस्ट की गई सुसाइड नोट है, जिसमें प्रियांशु में बचपन के ट्रॉमा और मौजूदा हालात का विस्तार से बखान किया है।
अपने पिता के साथ कानपुर कोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस कर रहे प्रियांशु ने नोट में आरोप लगाया है कि छह साल की उम्र में चुपके से फ्रिज में रखा मैंगो शेक पी लेने पर पापा ने उन्हें नंगा कर घर से बाहर निकाल दिया था। वो बात उनके जेहन में घर कर गई थी। कथित तौर पर पिता उन्हें अपंग, विकलांग और तरहतरह के अपशब्द बोलते थे। साथ ही बातबात पर घर से और काम से निकाल देने की धमकी देते थे।
आरोप है कि मोहल्ले के लोगों के सामने उनको बेइज्जत किया जाता था। सुसाइड करने से पहले भी यही हुआ था। पिता ने उन्हें किसी बात पर सबसे सामने उसे डांट लगाई गई। इस कारण उनका सब्र टूट गया और उन्होंने आत्महत्या कर ली। उनके अंदर पिता के प्रति इस कदर नाराजगी थी कि उन्होंने सुसाइट नोट में यह तक लिखा कि ऐसा पिता भगवान किसी को ना दे। मैं हार गया, पिता जीत गए। साथ ही उनकी लाश को उनके पिता छू भी ना पाएं।
घटना के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और जज मौके पर पहुंचे। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। कोर्ट के हजारों वकीलों के बीच यह सुसाइड नोट चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह केवल पारिवारिक विवाद था या इसके पीछे दूसरे कारण भी थे। इधर, बेटे की मौत से वकील पिता सदमे हैं। वो कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
मदद के लिए यहां संपर्क करें:
यदि आप या आपके कोई परिचित किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या संकट से गुजर रहे हैं, तो आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
निलमहंस : 08046110007
आसरा : 9820466726



